• 8400mAh बैटरी और 50MP के तीन कैमरे, iQOO 16 में फीचर्स की भरमार
• 5.01GHz की रफ्तार से दौड़ेगा iQOO 16, पहली बार मिलेगा OriginOS 7
• 8K वीडियो रिकॉर्डिंग और 100x जूम, iQOO 16 कैमरे में दिखाएगा दम
• 12GB RAM और 256GB स्टोरेज, iQOO 16 बनेगा परफॉर्मेंस का पावरहाउस
नई दिल्ली। स्मार्टफोन बाजार में प्रीमियम सेगमेंट को नई चुनौती देने के लिए iQOO अपना नया फ्लैगशिप स्मार्टफोन iQOO 16 पेश करने की तैयारी में है। कंपनी ने इस अपकमिंग स्मार्टफोन को लेकर जानकारी साझा की है। इसमें सबसे बड़ा आकर्षण नया Qualcomm Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 Mobile Platform होगा। इसके साथ ही iQOO 16 कंपनी का पहला ऐसा स्मार्टफोन होगा, जिसमें OriginOS 7 आउट ऑफ द बॉक्स मिलेगा। दमदार प्रोसेसर, हाई-रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और बड़ी बैटरी के साथ यह फोन परफॉर्मेंस पसंद करने वाले यूजर्स को आकर्षित कर सकता है।
iQOO 16 की सबसे बड़ी खासियत इसका Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर बताया गया है। उपलब्ध स्पेसिफिकेशन के मुताबिक, इसमें ऑक्टा-कोर CPU मिलेगा। इसकी क्लॉक स्पीड 5.01GHz तक होगी। इसमें दो कोर 5.01GHz, तीन कोर 4.03GHz और तीन कोर 3.74GHz की स्पीड पर काम करेंगे। फोन में 12GB LPDDR5X Ultra Pro RAM दी जाएगी। इससे मल्टीटास्किंग, हैवी गेमिंग और बड़े ऐप्स चलाने में मदद मिलेगी।
डिस्प्ले के मामले में भी iQOO 16 काफी दमदार नजर आता है। इसमें 6.85 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलेगा। इसका रेजोल्यूशन 1440×3168 पिक्सल यानी QHD+ होगा। फोन में 165Hz रिफ्रेश रेट दिया जाएगा। इससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग, गेमिंग और एनिमेशन का अनुभव ज्यादा स्मूद हो सकता है। इसमें बेजल-लेस पंच-होल डिजाइन भी मिलेगा।
फोटोग्राफी के लिए स्मार्टफोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा। इसमें 50MP का प्राइमरी वाइड एंगल कैमरा होगा, जो 100x डिजिटल जूम सपोर्ट करेगा। इसके अलावा 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 50MP का टेलीफोटो कैमरा मिलेगा। टेलीफोटो कैमरे में 3x ऑप्टिकल जूम की सुविधा होगी। फोन से 30fps पर 8K वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जा सकेगी। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा मिलेगा। फ्रंट कैमरे से UHD वीडियो रिकॉर्डिंग का भी विकल्प होगा।
बैटरी इस फोन का एक और बड़ा आकर्षण होगी। इसमें 8400mAh की Li-ion बैटरी दी जाएगी। यह 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करेगी। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मिलेगा।
iQOO 16 में OriginOS 7 पहले से इंस्टॉल मिलेगा। यूजर्स को फोन खरीदने के बाद नया ऑपरेटिंग सिस्टम अपडेट करने की जरूरत नहीं होगी। फोन में 256GB इंटरनल स्टोरेज मिलेगी, जिसे बढ़ाया नहीं जा सकेगा। इसमें डुअल नैनो सिम और 5G कनेक्टिविटी का सपोर्ट भी होगा। कंपनी ने फोन को डस्ट और वाटर रेसिस्टेंट बताया है।
