Ai+ स्मार्टफोन हुए महंगे, कंपनी ने कई मॉडल्स की कीमत ₹2,000 तक बढ़ाई

Ai+ स्मार्टफोन हुए महंगे, कंपनी ने कई मॉडल्स की कीमत ₹2,000 तक बढ़ाई

नई दिल्ली। अगर आप Ai+ स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो अब इसके लिए आपको पहले से ज्यादा रकम चुकानी होगी। कंपनी ने अपने चुनिंदा स्मार्टफोन मॉडल्स की कीमतों में करीब 2,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। कंपनी का कहना है कि स्मार्टफोन उद्योग में लगातार बढ़ रही कंपोनेंट, मेमोरी, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स लागत के कारण यह फैसला लेना पड़ा।

क्यों बढ़ी स्मार्टफोन की कीमत?

Ai+ ने बताया कि पिछले कुछ समय से मेमोरी चिप समेत कई अहम कंपोनेंट की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा उत्पादन, परिवहन और अन्य इनपुट लागत भी बढ़ी है। कंपनी का कहना है कि उसने अब तक इन अतिरिक्त खर्चों का बड़ा हिस्सा खुद वहन किया, लेकिन लगातार बढ़ते दबाव के कारण अब कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया।

CEO बोले- तकनीक सुलभ रखना हमारी प्राथमिकता

Ai+ स्मार्टफोन के सीईओ और NxtQuantum Shift Technologies के संस्थापक माधव शेठ ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य भारतीय ग्राहकों को बेहतर तकनीक और उचित कीमत पर शानदार अनुभव देना है। उन्होंने कहा कि उद्योग इस समय बढ़ती लागत के दबाव से गुजर रहा है और इसी वजह से रणनीतिक रूप से कीमतों में बदलाव किया गया है। हालांकि कंपनी आगे भी ग्राहकों को बेहतर वैल्यू देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

इन स्मार्टफोन्स की बढ़ी कीमत

कंपनी ने अपने कई लोकप्रिय मॉडल्स की कीमतों में संशोधन किया है।

  • Ai+ Pulse 2 (4GB+64GB) : ₹9,999 से बढ़कर ₹10,999
  • Ai+ Pulse 2 (4GB+128GB) : ₹10,999 से बढ़कर ₹11,499
  • Ai+ Nova 2 5G (4GB+64GB) : ₹12,999 से बढ़कर ₹13,999
  • Ai+ Nova 2 5G (4GB+128GB) : ₹13,999 से बढ़कर ₹14,999
  • Ai+ Nova 2 5G (6GB+128GB) : ₹14,999 से बढ़कर ₹15,999
  • Ai+ Nova 2 Neo 5G (4GB+64GB) : ₹13,999 से बढ़कर ₹14,999
  • Ai+ Nova 2 Neo 5G (4GB+128GB) : ₹14,999 से बढ़कर ₹15,999
  • Ai+ Nova 2 Neo 5G (6GB+128GB) : ₹15,999 से बढ़कर ₹16,999
  • Ai+ Nova 2 Pro 5G (6GB+128GB) : ₹15,999 से बढ़कर ₹17,999
  • Ai+ Nova 2 Pro 5G (8GB+128GB) : ₹17,999 से बढ़कर ₹19,999
  • Ai+ Nova 2 Ultra 5G (6GB+128GB) : ₹18,999 से बढ़कर ₹20,999
  • Ai+ Nova 2 Ultra 5G (8GB+128GB) : ₹20,999 से बढ़कर ₹22,999

हालांकि Ai+ Pulse 2 (6GB+128GB) की कीमत ₹11,999 पर ही बरकरार रखी गई है।

ग्राहकों पर क्या पड़ेगा असर?

कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ेगा जो आने वाले दिनों में नया Ai+ स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं। अब अधिकांश मॉडल खरीदने के लिए पहले की तुलना में 500 रुपये से लेकर 2,000 रुपये तक अधिक खर्च करना होगा।

कंपनी का दावा- वैल्यू फॉर मनी पर रहेगा फोकस

Ai+ का कहना है कि कीमतों में बदलाव के बावजूद कंपनी अपने स्मार्टफोन्स को भारतीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने और ग्राहकों को बेहतर प्राइस-टू-एक्सपीरियंस देने पर फोकस जारी रखेगी। साथ ही बाजार और सप्लाई चेन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि भविष्य में भी ग्राहकों को संतुलित कीमत पर बेहतर तकनीक मिलती रहे।