-80 घंटे की बैटरी वाला boAt Nirvana Eutopia 2 10 मिनट की चार्जिंग में 12 घंटे का प्लेबैक देगा
AI ENx कॉलिंग और 3D ऑडियो से लैस
भारतीय ऑडियो और वियरेबल ब्रैंड boAt ने अपना नया प्रीमियम ओवर-ईयर हेडफोन Nirvana Eutopia 2 ANC लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 4,999 रुपये रखी गई है। कंपनी का कहना है कि यह हेडफोन बेहतर साउंड क्वालिटी, लंबी बैटरी लाइफ और एडवांस नॉइज कैंसिलेशन के साथ आता है। boAt Nirvana Eutopia 2 ANC को Cosmic Black और Utopian White रंगों में लॉन्च किया गया है। इसकी स्पेशल लॉन्च कीमत 4,999 रुपये है।
ANC (Active Noise Cancellation) ऐसी तकनीक है जो बाहर के शोर को कम या लगभग खत्म कर देती है। यह काफी तेज बाहरी आवाजों को भी दबा सकता है। हेडफोन अपने आसपास के माहौल को पहचानकर अपने आप नॉइज कैंसिलेशन का स्तर बढ़ा या घटा देता है। Hybrid ANC में हेडफोन के अंदर और बाहर दोनों तरफ लगे माइक्रोफोन शोर को पहचानकर उसे कम करते हैं।
अगर आप बस, ट्रेन, फ्लाइट, ऑफिस या कैफे जैसी शोर वाली जगह पर हैं, तो यह हेडफोन बाहर की आवाज कम करके आपको म्यूजिक या कॉल साफ सुनने में मदद करेगा। आम हेडफोन में एक ड्राइवर होता है, लेकिन इसमें दो ड्राइवर दिए गए हैं। एक ड्राइवर बास (लो फ्रिक्वेंसी) को बेहतर बनाता है। गानों में ढोल, बीट्स और वोकल्स सभी ज्यादा साफ और बैलेंस्ड सुनाई देते हैं।
Hi-Res Audio से हाई क्वालिटी ऑडियो सपोर्ट मिलता है। इससे गानों की आवाज सामान्य ऑडियो की तुलना में ज्यादा साफ, डिटेल और नेचुरल सुनाई देती है। 3D Spatial Audio तकनीक आवाज को चारों तरफ से आने का एहसास कराती है। मूवी देखते समय लगता है कि आवाज सामने, पीछे या दाएं-बाएं से आ रही है। गेमिंग में भी दुश्मन या अन्य आवाजों की दिशा का बेहतर अंदाजा लगाया जा सकता है।
बैटरी के मामले में भी यह हेडफोन काफी दमदार है। एक बार फुल चार्ज करने पर यह 80 घंटे तक का प्लेबैक देता है। 10 मिनट की फास्ट चार्जिंग में इसे 12 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Bluetooth 5.4 और Google Fast Pair दिया गया है, जिससे डिवाइस जल्दी और आसानी से कनेक्ट हो जाता है। boAt Hearables App के जरिए यूजर इक्वलाइजर (EQ), कंट्रोल और अन्य ऑडियो सेटिंग्स को अपनी पसंद के अनुसार बदल सकते हैं।
कॉलिंग के लिए इसमें AI ENx तकनीक दी गई है, जो आसपास के शोर को कम करके साफ आवाज पहुंचाने में मदद करती है। लंबे समय तक आरामदायक इस्तेमाल के लिए हेडफोन में प्रीमियम मेमोरी फोम ईयर कुशन और Adaptive Fit डिजाइन दिया गया है। यह फोल्डेबल और स्विवेल डिजाइन के साथ आता है और बॉक्स में हार्ड कैरी केस भी मिलता है।
