Bosch का टेक कारोबार खरीदने की रेस में TCS, 3,000 कर्मचारियों पर निगाहें

Bosch का टेक कारोबार खरीदने की रेस में TCS, 3,000 कर्मचारियों पर निगाहें

• रोबोट और ऑटोनॉमस कारों की AI तकनीक में TCS की बड़ी छलांग की तैयारी

• Bosch के 28,900 कर्मचारियों वाले GCC पर चर्चा, TCS बन सकती है नया ठिकाना

• TCS को मिल सकती है 3,000 इंजीनियरों की फौज, Bosch के साथ संभावित सौदा

देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) एक बड़े कारोबारी सौदे की दौड़ में शामिल हो गई है। जर्मनी की प्रमुख ऑटो कंपोनेंट निर्माता कंपनी रॉबर्ट बॉश (Robert Bosch GmbH) अपने भारत स्थित टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट ऑपरेशन के एक हिस्से को बेचने की संभावनाएं तलाश रही है। इस संभावित सौदे के लिए TCS का नाम सामने आया है। अगर बातचीत सफल रहती है तो बॉश के भारतीय ऑपरेशन से जुड़े करीब 3,000 कर्मचारियों का ट्रांसफर TCS में हो सकता है। हालांकि, यह बातचीत अभी शुरुआती चरण में है और किसी अंतिम समझौते की घोषणा नहीं हुई है।

बॉश अपने टेक्नोलॉजी और प्रोडक्ट डेवलपमेंट कारोबार के कुछ हिस्सों को अलग करने के विकल्पों पर विचार कर रही है। इसका प्रमुख उद्देश्य लागत कम करना है। रिपोर्ट में बातचीत से जुड़े एक व्यक्ति के हवाले से बताया गया है कि अगले महीने बोर्ड स्तर पर इस प्रस्ताव पर आगे चर्चा हो सकती है। इसके बाद ही किसी निर्णय की उम्मीद है।

इस संभावित सौदे से TCS को इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी के अनुभवी कर्मचारियों की बड़ी टीम मिल सकती है। खासतौर पर फिजिकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में यह सौदा अहम साबित हो सकता है। फिजिकल AI ऐसी तकनीक है, जिसमें रोबोट, ऑटोनॉमस व्हीकल और दूसरी मशीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाता है। इस क्षेत्र में दुनिया भर की कंपनियों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है।

बॉश ने वर्ष 1997 में बेंगलुरु में Bosch Global Software Technologies (BGSW) के जरिए अपने टेक्नोलॉजी ऑपरेशन की शुरुआत की थी। बाद में इसका विस्तार हैदराबाद, पुणे और कोयंबटूर तक हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कंपनी के ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) के करीब 28,900 कर्मचारियों में से लगभग 80 फीसदी भारतीय ऑपरेशन में कार्यरत हैं। इनमें भी करीब आधे कर्मचारी बेंगलुरु में हैं।

बहुराष्ट्रीय कंपनियां लागत कम करने के लिए भारत में अपने इन-हाउस टेक्नोलॉजी सेंटर आईटी सर्विस कंपनियों को सौंप रही हैं। इससे आईटी कंपनियों को अनुभवी कर्मचारी और लंबे समय के सर्विस कॉन्ट्रैक्ट मिलते हैं। हालांकि, GCC के अपेक्षाकृत अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ने से शुरुआती दौर में कंपनियों के मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है।

CS ने इस साल अक्टूबर में Best Buy के भारत स्थित टेक्नोलॉजी सेंटर का अधिग्रहण किया था। वहीं, अगस्त में कंपनी ने Porsche की मैनेजमेंट और IT कंसल्टिंग इकाई MHP को 373 मिलियन डॉलर में खरीदा था। इसके साथ Porsche ने TCS को 1.45 अरब डॉलर का पांच साल का IT मॉडर्नाइजेशन कॉन्ट्रैक्ट भी दिया था।