4 सितंबर को आ रही Kia Sorento, हाइब्रिड इंजन के साथ AWD और स्मार्ट AI असिस्टेंट

4 सितंबर को आ रही Kia Sorento, हाइब्रिड इंजन के साथ AWD और स्मार्ट AI असिस्टेंट

नई दिल्ली। Kia India अपनी सबसे बड़ी और प्रीमियम SUV Sorento को 4 सितंबर को इंडिया में लॉन्च करने जा रही है। लॉन्च से पहले कंपनी ने इसके दो बड़े फीचर्स की पुष्टि कर दी है। भारत में आने वाली Sorento में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सिस्टम और कंपनी का नया Live Gen AI असिस्टेंट मिलेगा। SUV सिर्फ बड़ी और दमदार नहीं होगी, बल्कि टेक्नोलॉजी के मामले में भी काफी आगे रहने वाली है।

Sorento इंडिया में Kia की पहली ICE यानी पेट्रोल-डीजल इंजन वाली SUV होगी, जिसमें AWD मिलेगा। इसका मतलब है कि जरूरत के हिसाब से गाड़ी चारों पहियों को ताकत दे सकती है। इससे खराब सड़क, बारिश, फिसलन या पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी की पकड़ बेहतर होने की उम्मीद है। इंडिया में Sorento को स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ लाए जाने की उम्मीद है। ग्लोबल मॉडल में 1.6 लीटर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड इंजन मिलता है, जो 238 hp की ताकत और 380 Nm टॉर्क देता है। वहीं 2.2 लीटर टर्बो-डीजल इंजन 202 hp और 440 Nm टॉर्क पैदा करता है। हालांकि भारत के लिए अंतिम स्पेसिफिकेशन Kia लॉन्च के समय बताएगी।

Sorento का सबसे खास फीचर Live Gen AI होगा। यह एक स्मार्ट वॉयस असिस्टेंट है, जिससे ड्राइवर और यात्री सामान्य बातचीत की तरह गाड़ी से कमांड कर सकेंगे। जानकारी लेने से लेकर कुछ वाहन फीचर्स को नियंत्रित करने तक का काम आवाज के जरिए किया जा सकेगा।
Sorento को Seltos और Syros से ऊपर रखा जाएगा और यह Kia की भारत में फ्लैगशिप SUV बन सकती है। 4.8 मीटर से ज्यादा लंबी इस SUV में ज्यादा केबिन स्पेस मिलेगा। भारत में इसे 6 और 7 सीटर विकल्पों में पेश किए जाने की उम्मीद है। 6 सीटर में बीच की कतार में कैप्टन सीटें मिल सकती हैं।

Sorento की कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा (एक्स-शोरूम) रहने की संभावना है। इसके साथ Kia प्रीमियम SUV बाजार में बड़ा दांव खेलने जा रही है। बड़ी बॉडी, AWD, हाइब्रिड तकनीक और Gen AI जैसे फीचर्स के दम पर Sorento कंपनी की भारतीय SUV लाइनअप को एक नई ऊंचाई देने की कोशिश करेगी।