नई दिल्ली। Royal Enfield ने अपनी लोकप्रिय Classic 350 का खास Gorkha Edition इंडियन मार्केट में लॉन्च कर दिया है। गोरखा रेजिमेंट की वीरता, अनुशासन और जज्बे से प्रेरित इस बाइक की कीमत 2,10,684 रुपये (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) रखी गई है। इसकी बुकिंग आज से शुरू हो गई है।
नई Classic 350 Gorkha Edition की सबसे बड़ी पहचान इसका Gorkha Green रंग और खास क्रॉस्ड खुकरी वाला इंसिग्निया है। कंपनी का कहना है कि इन डिजाइन एलिमेंट्स के जरिए गोरखा सैनिकों की बहादुरी और गौरवशाली विरासत को सम्मान दिया गया है। Classic 350 के अपने पुराने और पहचान वाले डिजाइन को बरकरार रखते हुए Gorkha Edition में कई खास बदलाव किए गए हैं। बाइक को गहरे हरे रंग में तैयार किया गया है, जबकि इसमें लगाया गया क्रॉस्ड खुकरी वाला बैज इसे सामान्य Classic 350 से अलग पहचान देता है। Royal Enfield के चीफ कमर्शियल ऑफिसर यदविंदर सिंह गुलरिया ने कहा कि यह एडिशन गोरखा रेजिमेंट की बहादुरी, निष्ठा और सम्मान की भावना को श्रद्धांजलि है।
लुक के अलावा बाइक में रोजमर्रा की उपयोगिता बढ़ाने वाले फीचर भी जोड़े गए हैं। इसमें Assist & Slipper Clutch दिया गया है, जिससे गियर बदलना ज्यादा आसान और स्मूथ होगा। इसके अलावा बाइक में Type-C USB Fast Charging पोर्ट भी दिया गया है। बाइक में Classic 350 का सिग्नेचर सीधा बैठने वाला राइडिंग पोस्चर और J-Series इंजन बरकरार रखा गया है। यानी स्पेशल एडिशन में मुख्य रूप से डिजाइन और सुविधा से जुड़े बदलाव किए गए हैं, जबकि Classic 350 का मूल राइडिंग अनुभव कायम रखा गया है।
Royal Enfield ने बाइक के साथ Gorkha Collection नाम से खास कपड़ों और राइडिंग गियर की रेंज भी पेश की है। इसमें Jet और Quest के डुअल-सर्टिफाइड हेलमेट, हाई-एंकल लेदर बूट्स, मल्टी-फंक्शनल हेडगियर, लाइफस्टाइल कपड़े और कई कलेक्टिबल्स शामिल हैं। इस कलेक्शन में क्रिमसन, ऑलिव ग्रीन, मैट ब्लैक और ब्रॉन्ज जैसे रंगों का इस्तेमाल किया गया है। डिजाइन में सैन्य वर्दी, रेजिमेंटल बैज और क्रॉस्ड खुकरी से प्रेरणा ली गई है। Classic 350 Gorkha Edition उन ग्राहकों के लिए तैयार की गई है जो Classic 350 के रेट्रो अंदाज के साथ एक खास और अलग पहचान वाली बाइक चाहते हैं।
