नई दिल्ली। Skoda Auto India ने अपनी लोकप्रिय सेडान Slavia का नया मॉडल पेश कर दिया है। नई Slavia में डिजाइन के साथ टेक्नोलॉजी और आराम को बड़ा अपग्रेड मिला है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 1.0 TSI इंजन के साथ नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स है। कंपनी के मुताबिक, यह इस सेगमेंट में पहली सेडान है जिसमें यह कॉम्बिनेशन दिया गया है। कार में 360 डिग्री कैमरा, पीछे की सीट पर मसाज फंक्शन और AI वॉयस असिस्टेंट जैसे फीचर्स मिलेंगे। नई Slavia की बुकिंग 15,000 रुपये में शुरू हो गई है।
नई Slavia में नए LED हेडलैंप और LED टेललैंप दिए गए हैं। पीछे सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर मिलते हैं। नई अलॉय व्हील डिजाइन और फ्रंट ग्रिल पर क्रोम स्ट्रिप कार को पहले से ज्यादा प्रीमियम लुक देती है। पहली बार Slavia को लॉन्च के साथ ही Monte Carlo ट्रिम में भी पेश किया जाएगा। कार में Arctic Silver और Cappuccino Beige समेत नए रंग भी जोड़े गए हैं। नई Slavia में 1.0 TSI इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक विकल्प मिलेगा। वहीं ज्यादा पावर चाहने वालों के लिए 1.5 TSI इंजन के साथ 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स जारी रहेगा। 1.5 TSI वर्जन में अब रियर डिस्क ब्रेक भी मिलेंगे।
नई Slavia का सबसे खास फीचर Rear Seat Massage है। कंपनी इसे सेगमेंट-फर्स्ट फीचर बता रही है। इसके अलावा 360 डिग्री Area View कैमरा पार्किंग के दौरान कार के चारों तरफ का दृश्य दिखाएगा। फ्रंट पार्किंग सेंसर के साथ Park Pilot भी मिलेगा। केबिन में 10.25 इंच का डिजिटल कॉकपिट और 10.1 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। नई Slavia का इंफोटेनमेंट सिस्टम Google Cloud की Automotive AI तकनीक से लैस है। इसमें Gemini आधारित AI वॉयस असिस्टेंट दिया गया है। इसके जरिए ड्राइवर म्यूजिक, कॉल और क्लाइमेट कंट्रोल जैसे काम आवाज से कर सकेगा। वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay भी मिलेंगे।
Slavia की 5-स्टार Global NCAP सुरक्षा रेटिंग को आगे भी बरकरार रखा गया है। सभी वेरिएंट में 6 एयरबैग समेत 25 से ज्यादा एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड हैं। ऊंचे वेरिएंट में 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे। Skoda ने नई Slavia के साथ Octavia RS और Superb TDI को भी भारत के लिए पेश किया है। Octavia RS में 2.0 TSI इंजन 265 PS की ताकत देता है और 7-स्पीड DSG गियरबॉक्स मिलता है। इसकी बुकिंग 18 अगस्त से 2.50 लाख रुपये में शुरू होगी और सिर्फ 50 यूनिट उपलब्ध होंगी।
Superb TDI की भारत में वापसी होगी। इसमें डीजल इंजन के साथ लग्जरी फीचर्स और ADAS मिलेगा। इसकी डिलीवरी अगले साल की दूसरी तिमाही के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। Skoda इन कारों के साथ 4 साल/1 लाख किमी की वारंटी, 4 साल रोडसाइड असिस्टेंस और चार फ्री लेबर सर्विस दे रही है। यानी कंपनी ने नई Slavia के जरिए डिजाइन, टेक्नोलॉजी, आराम और सुरक्षा—चारों मोर्चों पर सेडान को नया दम देने की कोशिश की है।
