• हर महीने कीमतों की समीक्षा, टाटा मोटर्स चलेगी Price Hike का दांव
• महंगे कच्चे माल का असर! वाहनों की कीमत बढ़ने के आसार
मुंबई। टाटा मोटर्स ने कच्चे माल की लगातार ऊंची कीमतों ने टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स पर लागत का दबाव बढ़ा दिया है। कंपनी अब कारों की कीमतों में एक और बढ़ोतरी की संभावना पर विचार कर रही है। अगर लागत का दबाव इसी तरह बना रहता है तो कंपनी ग्राहकों पर इसका कुछ हिस्सा डाल सकती है। हालांकि, अगली बढ़ोतरी हुई तो इसे एक साथ बड़ा झटका देने की जगह छोटे-छोटे चरणों में लागू किए जाने की संभावना है। कंपनी का उद्देश्य कीमत बढ़ाने के साथ-साथ कारों की मांग को भी मजबूत बनाए रखना है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स सितंबर में अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है। इसके बावजूद कमोडिटी लागत का दबाव खत्म नहीं हुआ है। अगली कीमत वृद्धि की तारीख अभी तय नहीं है और फिलहाल कंपनी बाजार की स्थिति तथा लागत में बदलाव पर नजर रख रही है। ऑटो इंडस्ट्री में कमोडिटी की कीमतें बढ़ने के बावजूद कंपनियां पूरी लागत ग्राहकों पर ट्रांसफर नहीं कर पाई हैं। यही वजह है कि टाटा मोटर्स अब लागत कम करने पर भी जोर दे रही है। कंपनी के लिए चुनौती यह है कि बढ़ती इनपुट लागत के बीच मार्जिन को सुरक्षित रखा जाए और साथ ही कारों की कीमत इतनी न बढ़े कि मांग प्रभावित हो।
रिपोर्ट के मुताबिक GST लागू होने के बाद ऑटो कंपनियों ने अब तक वाहनों की कीमतों में 5 फीसदी से कम बढ़ोतरी की है। दूसरी ओर, GST में बदलाव के बाद ग्राहकों को मिलने वाले डिस्काउंट में कमी आई है। बाजार में वाहन सप्लाई भी फिलहाल मांग से थोड़ी कम बनी हुई है।
टाटा मोटर्स ने कमर्शियल व्हीकल कारोबार में भी कीमत बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने 1 अक्टूबर से कमर्शियल व्हीकल्स के अलग-अलग सेगमेंट में 1 फीसदी तक कीमत बढ़ाने का ऐलान किया है। कमोडिटी लागत को लेकर दबाव जरूर है, लेकिन कंपनी के मुताबिक फिलहाल सप्लाई या प्रोडक्शन को लेकर कोई बड़ा संकट नहीं है। यानी ग्राहकों को वाहनों की उपलब्धता को लेकर तत्काल किसी बड़ी परेशानी की उम्मीद नहीं है।
कॉम्पैक्ट सेडान सेगमेंट की कुल सेडान बाजार में हिस्सेदारी घट रही है, लेकिन इस कैटेगरी में बिक्री बढ़ रही है। पिछले एक साल में इस सेगमेंट का वॉल्यूम करीब 25-26 फीसदी बढ़ा है। GST में हुए बदलाव का भी इस सेगमेंट पर असर पड़ा है। टाटा मोटर्स ने अपने पैसेंजर व्हीकल कारोबार की नई कस्टमर-फेसिंग पहचान Tata.Cars के नाम से शुरू की है। इसकी ब्रांडिंग डीलरशिप, शोरूम और मार्केटिंग गतिविधियों में दिखाई देगी।
