• CNG कार खरीदने वालों के लिए बड़ा तोहफा! Maruti की Swift-Dzire-Baleno में AMT की एंट्री
• 7.92 लाख से शुरू हुई Maruti की नई CNG-AMT कारें, 36.47 km/kg तक माइलेज
• शहर के ट्रैफिक का झंझट खत्म! Maruti की CNG कारों में अब क्लच दबाने की जरूरत नहीं
मारुति सुजुकी ने भारतीय कार बाजार में CNG और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का नया कॉम्बिनेशन पेश कर दिया है। कंपनी ने अपनी तीन लोकप्रिय कारों Swift, Dzire और Baleno के CNG-AMT वेरिएंट लॉन्च किए हैं। इन कारों की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत क्रमशः 7.92 लाख रुपये, 8.53 लाख रुपये और 8.32 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी के मुताबिक, इन कारों में CNG के साथ AMT का विकल्प देने का मकसद ग्राहकों को बेहतर माइलेज के साथ ट्रैफिक में आसान ड्राइविंग का अनुभव देना है।
इस नई रेंज के साथ अब ग्राहकों को CNG कार खरीदते समय मैनुअल गियरबॉक्स की मजबूरी नहीं रहेगी। खासकर शहरों में जहां रोजाना भारी ट्रैफिक और बार-बार रुकने-चलने की स्थिति रहती है, वहां AMT यानी ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन क्लच पेडल के इस्तेमाल की जरूरत खत्म कर देता है। इससे ड्राइविंग ज्यादा सुविधाजनक हो जाती है।
तीनों कारों में Maruti Dzire CNG AMT सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली है। कंपनी ने इसका दावा किया गया माइलेज 36.47 किमी/किग्रा बताया है। इसके बाद Swift CNG AMT का माइलेज 35.34 किमी/किग्रा और Baleno CNG AMT का माइलेज 34.47 किमी/किग्रा है। Swift CNG AMT VXI की कीमत 7.92 लाख रुपये से शुरू होती है। Baleno CNG AMT Delta की शुरुआती कीमत 8.32 लाख रुपये और Dzire CNG AMT VXI की कीमत 8.53 लाख रुपये है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।
यानी Swift के मुकाबले Baleno CNG-AMT के लिए 40,000 रुपये ज्यादा, जबकि Dzire की कीमत Swift से 61,000 रुपये ज्यादा है। Dzire और Baleno की शुरुआती कीमत में 21,000 रुपये का अंतर है।
नई CNG-AMT कारों में कंपनी का 1.2-लीटर Z12 सीरीज का तीन-सिलेंडर इंजन दिया गया है। इसके साथ Maruti Suzuki का फैक्ट्री-फिटेड S-CNG सिस्टम और AMT गियरबॉक्स जोड़ा गया है।
AMT सिस्टम क्लच ऑपरेशन और गियर बदलने का काम खुद करता है। इसका फायदा खासतौर पर उन ड्राइवरों को मिल सकता है जो रोजाना लंबे समय तक ट्रैफिक में कार चलाते हैं। अब उन्हें CNG के कम रनिंग कॉस्ट के साथ ऑटोमैटिक ड्राइविंग की सुविधा भी मिलेगी।
मारुति ने इस नई रेंज को अपने दोनों रिटेल नेटवर्क में उतारा है। Swift और Dzire की बिक्री Arena डीलरशिप के जरिए होती है, जबकि Baleno Nexa नेटवर्क से बेची जाती है।
मारुति सुजुकी ने इन तीनों CNG-AMT मॉडलों को अपने ‘Auto Green Mission’ के तहत पेश किया है। इस कदम से CNG कारों में ऑटोमैटिक ड्राइविंग का विकल्प बढ़ा है और शहरों में रोजाना कार चलाने वाले ग्राहकों के लिए एक नया पावरट्रेन कॉम्बिनेशन उपलब्ध हुआ है।
