GM का बड़ा सॉफ्टवेयर रिवर्स गियर!, CarPlay और Android Auto को फिर मिला कारों में ठिकाना

GM का बड़ा सॉफ्टवेयर रिवर्स गियर!, CarPlay और Android Auto को फिर मिला कारों में ठिकाना

• एक स्क्रीन पर CarPlay भी, कार की जानकारी भी! नया इंफोटेनमेंट सिस्टम तैयार

• GM की कारों में फिर बजेगा CarPlay का संगीत, Google Apps भी रहेंगे

अमेरिकी ऑटो कंपनी General Motors (GM) ने अपनी इन-कार सॉफ्टवेयर रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए Apple CarPlay और Android Auto को फिर से अपने वाहनों में शामिल करने का फैसला किया है। कंपनी ने करीब तीन साल पहले इन स्मार्टफोन कनेक्टिविटी फीचर्स को धीरे-धीरे हटाने का फैसला किया था, लेकिन ग्राहकों की मांग और फीडबैक के बाद अब GM ने अपना रुख बदल दिया है। नए इंफोटेनमेंट सिस्टम की शुरुआत 2027 Chevrolet Silverado और GMC Sierra पिकअप ट्रकों से होगी। इसके बाद इसे कंपनी के दूसरे मॉडलों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
GM ने 2023 में घोषणा की थी कि वह अपने इलेक्ट्रिक वाहनों से Apple CarPlay और Android Auto को हटाकर अपने खुद के सॉफ्टवेयर सिस्टम पर ज्यादा फोकस करेगी। बाद में कंपनी की ओर से यह भी संकेत दिया गया था कि भविष्य में इन स्मार्टफोन कनेक्टिविटी फीचर्स को सभी GM वाहनों से हटाया जा सकता है। अब कंपनी ने इसी रणनीति से पीछे हटते हुए CarPlay और Android Auto को नए इंफोटेनमेंट सिस्टम का हिस्सा बनाने का फैसला किया है।
GM के नए सिस्टम को ग्राहकों के फीडबैक के आधार पर दोबारा डिजाइन किया गया है। इसमें नया इंटरफेस, हाई-कॉन्ट्रास्ट डिस्प्ले हार्डवेयर और नया होम स्क्रीन लेआउट दिया जाएगा। खास बात यह है कि अब ड्राइवर को अपने स्मार्टफोन के लोकप्रिय इंटरफेस से पूरी तरह दूर नहीं होना पड़ेगा।
रिपोर्ट में American Trucks के एक अध्ययन का हवाला दिया गया है। इसके मुताबिक, 55 फीसदी Apple CarPlay यूजर्स ने कहा कि इस फीचर की गैरमौजूदगी नई कार खरीदने के फैसले में बड़ी बाधा बन सकती है। Android Auto यूजर्स में यह आंकड़ा 36 फीसदी था। वहीं GM के मौजूदा ग्राहकों में 42 फीसदी ने कहा कि इन तकनीकों में से किसी एक को हटाना उनके लिए स्वीकार्य नहीं होगा।
GM का नया सिस्टम कुछ दूसरे इंफोटेनमेंट सिस्टम से थोड़ा अलग होगा। कंपनी Apple CarPlay या Android Auto को पूरे डिस्प्ले पर हावी होने के बजाय स्क्रीन के एक छोटे कार्ड के रूप में दिखाएगी। इससे ड्राइवर को एक ही समय में स्मार्टफोन इंटरफेस के साथ-साथ वाहन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दिखाई देती रहेगी।
स्क्रीन पर ट्रिप डिटेल, ट्रेलर स्टेटस और अन्य वाहन संबंधी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा क्लाइमेट कंट्रोल बार लगातार स्क्रीन पर दिखाई देता रहेगा। GM के सॉफ्टवेयर प्रमुख Mike Wahlstrom के मुताबिक, ग्राहक CarPlay और Android Auto की सरलता पसंद करते हैं और कंपनी उसी सहज अनुभव को अपने वाहन के फीचर्स के साथ जोड़ना चाहती है।
CarPlay और Android Auto की वापसी के बावजूद GM अपना इन-हाउस सॉफ्टवेयर सिस्टम खत्म नहीं कर रही है। कंपनी के सिस्टम में Google के बिल्ट-इन ऐप्स पहले की तरह उपलब्ध रहेंगे। यानी ड्राइवर स्मार्टफोन कनेक्ट किए बिना भी वाहन के सिस्टम से Google Maps का इस्तेमाल कर सकेंगे।
यात्रियों के मनोरंजन के लिए Disney+ जैसे ऐप्स भी उपलब्ध रहेंगे। इस तरह GM अपने सिस्टम में स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और खुद के बिल्ट-इन फीचर्स, दोनों को साथ लेकर चलने की तैयारी कर रही है।
नया इंफोटेनमेंट सिस्टम ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट को भी सपोर्ट करेगा। इसका मतलब है कि GM भविष्य में सुरक्षा अपडेट और सॉफ्टवेयर सुधार सीधे इंटरनेट के जरिए वाहनों तक पहुंचा सकेगी। इसके लिए हर छोटे सॉफ्टवेयर अपडेट पर डीलरशिप जाने की जरूरत नहीं होगी।
कंपनी की योजना सिर्फ Silverado और Sierra तक सीमित रहने की नहीं है। GM ने संकेत दिया है कि नया सिस्टम धीरे-धीरे उसके अन्य वाहनों तक भी पहुंचाया जाएगा। यानी Apple CarPlay और Android Auto की वापसी GM के लिए सिर्फ दो नए मॉडल का बदलाव नहीं, बल्कि उसकी पूरी इंफोटेनमेंट रणनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव है।