नई दिल्ली: वियतनाम की EV कंपनी VinFast ने नई जनरेशन VinFast VF8 इलेक्ट्रिक SUV पेश कर दी है। SUV को नए डिजाइन, 12.9 इंच टचस्क्रीन, ADAS, 360 डिग्री कैमरा, 60.13 kWh बैटरी पैक और 500 किमी तक की रेंज के साथ उतारा गया है। कंपनी के मुताबिक यह SUV 30 मिनट से कम समय में 10-70% तक चार्ज हो सकती है और इसकी बुकिंग 27 मई से शुरू होगी।
गाड़ी के आगे LED लाइट्स को पंख जैसी डिजाइन दी गई है। इससे SUV ज्यादा प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक दिखती है। फ्रंट का काला चमकदार हिस्सा ग्रिल एरिया को स्टाइलिश लुक देता है। बंपर में दिए गए एयर चैनल हवा के बहाव को बेहतर बनाते हैं। इससे हवा का दबाव कम होता है और बैटरी/परफॉर्मेंस पर अच्छा असर पड़ सकता है। बड़े और स्टाइलिश पहिए SUV को ज्यादा दमदार रोड प्रेजेंस देते हैं। पीछे दोनों तरफ की लाइट्स बीच में जुड़ी हुई हैं, जिससे गाड़ी का रियर लुक ज्यादा प्रीमियम दिखता है। 19 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं। गाड़ी और जमीन के बीच की ऊंचाई 170 एमएम है, जिससे खराब रास्तों पर कार चलाने में मदद मिलती है।
बड़ी स्क्रीन से म्यूजिक, नेविगेशन और कार कंट्रोल होंगे, जबकि ड्राइवर को स्पीड और बाकी जानकारी डिजिटल स्क्रीन पर मिलेगी। गियर बदलने का कंट्रोल सेंटर कंसोल की जगह स्टीयरिंग के पास दिया गया है, जिससे केबिन में ज्यादा स्पेस मिलता है। Advanced Driver Assistance System तकनीक ड्राइविंग में मदद करती है अगर गाड़ी के किनारे कोई वाहन है और ड्राइवर को दिखाई नहीं दे रहा, तो सिस्टम अलर्ट देता है। हाईवे पर स्पीड और लेन बनाए रखने में मदद करने वाली तकनीक हाइवे असिस्ट दी गई है। गाड़ी के चारों तरफ का व्यू स्क्रीन पर दिखता है, जिससे पार्किंग आसान हो जाती है।
नई VF8 में फ्रंट माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है जो 228 hp की पावर और 330 Nm टॉर्क पैदा करती है। SUV में 60.13 kWh बैटरी पैक लगाया गया है जो NEDC साइकिल पर 500 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करता है। कंपनी का दावा है कि बैटरी 10 से 70 फीसदी तक 30 मिनट से कम समय में चार्ज हो सकती है। इसके साथ Eco, Normal और Sport ड्राइविंग मोड भी मिलेंगे। कंपनी ने बैटरी एफिशिएंसी और चार्जिंग परफॉर्मेंस सुधारने के लिए इसमें नया इंटीग्रेटेड थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया है।
