• 4.35 करोड़ में Maserati MCPura का सुपरकार धमाका! सिर्फ 2.8 सेकंड में 100 की स्पीड!
• सड़क पर रेसिंग का रोमांच! Maserati GT2 Stradale में कार्बन फाइबर चेसिस और दमदार एयरोडायनामिक्स
• धूप में रंग बदलेगी Maserati की नई सुपरकार, AI Aqua Rainbow फिनिश ने खींचा ध्यान
• Maserati GT2 Stradale में रेसिंग विंग का कमाल, 280 kmph पर मिलेगा 500 किलो डाउनफोर्स
Maserati की नई Cielo Convertible में 12 सेकंड में खुलेगी छत, 320 kmph से ज्यादा टॉप स्पीड
लग्जरी और सुपरकार के शौकीनों के लिए Maserati ने भारतीय बाजार में बड़ा धमाका किया है। कंपनी ने 2027 MCPura रेंज की कीमतों का ऐलान करने के साथ अपनी धांसू GT2 Stradale सुपरकार भी लॉन्च कर दी है। MCPura Coupe की एक्स-शोरूम कीमत 4.35 करोड़ रुपये और MCPura Cielo Convertible की कीमत 5.20 करोड़ रुपये रखी गई है। वहीं, रेसिंग कार से प्रेरित GT2 Stradale के लिए ग्राहकों को 5.72 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे। इन कारों में 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो Nettuno V6 इंजन, 630 से 640 hp तक की ताकत और 320 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की टॉप स्पीड मिलती है। खास बात यह है कि GT2 Stradale केवल 2.8 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है।
Maserati MCPura को कंपनी ने MC20 के अपडेटेड वर्जन के रूप में पेश किया है। 2027 मॉडल में बड़े मैकेनिकल बदलाव नहीं किए गए हैं। इसमें 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो Nettuno V6 इंजन दिया गया है, जो 630 hp की पावर और 720 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 8-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है, जो पिछले पहियों को ताकत पहुंचाता है।
MCPura Coupe और Cielo दोनों 2.9 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती हैं। इनकी टॉप स्पीड 320 kmph से अधिक है। Cielo की खासियत इसकी ओपन-टॉप रूफ है, जिसे 50 kmph तक की रफ्तार पर महज 12 सेकंड में खोला या बंद किया जा सकता है।
MCPura के एक्सटीरियर में ज्यादा आक्रामक फ्रंट डिजाइन, ग्लॉस-ब्लैक एलिमेंट, नए बैज और नए अलॉय व्हील दिए गए हैं। इसका AI Aqua Rainbow पेंट धूप में अलग-अलग रंगों की चमक दिखाता है। केबिन में नया स्टीयरिंग व्हील, बदले हुए कलर और अपहोल्स्ट्री विकल्प तथा लेजर-एच्च्ड 3D Alcantara सीटें मिलती हैं।
GT2 Stradale इस पूरी रेंज की सबसे खास पेशकश है। इसमें 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो V6 इंजन 640 hp की पावर और 720 Nm टॉर्क देता है। यह 2.8 सेकंड में 100 kmph की रफ्तार पकड़ती है और इसकी टॉप स्पीड 324 kmph है।
इसका एयरोडायनामिक पैकेज भी बेहद खास है। पीछे लगा एडजस्टेबल विंग 280 kmph की रफ्तार पर हाई-ड्रैग सेटिंग में 500 किलोग्राम तक डाउनफोर्स पैदा कर सकता है। कार में कार्बन-फाइबर मोनोकोक चेसिस दिया गया है। इसका ड्राई वजन 1,365 किलोग्राम है, जो MC20 से 60 किलोग्राम कम है। फ्रंट-एक्सल लिफ्ट सिस्टम कार के अगले हिस्से को 35 mm तक ऊपर उठा सकता है।
GT2 Stradale का उत्पादन दुनियाभर में केवल 914 यूनिट तक सीमित रहेगा। यह संख्या Maserati की स्थापना के साल 1914 को दर्शाती है। भारत के लिए कितनी यूनिट उपलब्ध होंगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। कंपनी की MCPura और GT2 Stradale की कीमतें भारत में उसके सुपरकार पोर्टफोलियो को और मजबूत करती हैं।
