15 हजार रुपये का One 5G फोन खरीदने पर मिलेगा Mivi Care+ का दमदार सपोर्ट
Mivi One 5G को कंपनी ऐसे समय बाजार में उतारने जा रही है, जब 15 हजार रुपये के आसपास के स्मार्टफोन सेगमेंट में मुकाबला लगातार बढ़ रहा है। कंपनी ने फोन के कैमरा और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को इसकी खासियत के तौर पर पेश करना शुरू कर दिया है। फोन में 50MP का मेन रियर कैमरा मिलेगा। इसके साथ दूसरा रियर कैमरा भी मौजूद होगा, लेकिन उसके सेंसर की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। कंपनी के टीजर से संकेत मिलता है कि कैमरा सेटअप रोजमर्रा की फोटोग्राफी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। Mivi One 5G को 24 सितंबर को भारत में लॉन्च किया जाएगा। फोन की बिक्री एक्सक्लूसिव तौर पर Flipkart से होगी। इसमें Burgundy, Blue और Green कलर ऑप्शन मिलेंगे।
Mivi One 5G के साथ कंपनी ने Mivi Care+ सर्विस को खास तौर पर हाईलाइट किया है। इसके तहत फोन के साथ एक साल की स्टैंडर्ड वारंटी मिलेगी। कंपनी का दावा है कि देशभर में 500 से अधिक अधिकृत सर्विस हब के जरिए ग्राहकों को सपोर्ट दिया जाएगा। सबसे खास बात 7 दिन की रिप्लेसमेंट पॉलिसी है। फोन में शुरुआती दिनों में कोई समस्या आने पर ग्राहकों को रिप्लेसमेंट की सुविधा देने का दावा किया गया है।
Mivi के अनुसार, 19,000 से ज्यादा पिन कोड पर ग्राहकों को फ्री डोरस्टेप पिकअप और रिटर्न डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा Mivi Care+ ऐप के जरिए ग्राहक अपनी सर्विस रिक्वेस्ट को ट्रैक कर सकेंगे।
फोन में Qualcomm Snapdragon 5G चिपसेट और Android 16 मिलेगा। हालांकि, प्रोसेसर का सटीक मॉडल और फोन की कीमत का आधिकारिक खुलासा अभी बाकी है। माना जा रहा है कि इसकी कीमत 15,000 रुपये के आसपास हो सकती है।
