27,999 रुपये में 7,000 mAh बैटरी संग Motorola G Max लॉन्च

27,999 रुपये में 7,000 mAh बैटरी संग Motorola G Max लॉन्च

120Hz डिस्प्ले से 50MP Sony कैमरे तक, Moto G Max में फीचर्स की भरमार

नई दिल्ली। Motorola ने भारत में अपनी G सीरीज का नया स्मार्टफोन Moto G Max लॉन्च कर दिया है। फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। इसमें 50MP Sony LYTIA 600 कैमरा, 120Hz रिफ्रेश रेट वाली बड़ी स्क्रीन और Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। कंपनी ने फोन की कीमत 27,999 रुपये रखी है। बैंक ऑफर के तहत 1,000 रुपये की तत्काल छूट मिलने के बाद इसकी प्रभावी कीमत 26,999 रुपये हो जाएगी। फोन की बिक्री 20 अगस्त से Flipkart, Motorola के ई-स्टोर और चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी।

Moto G Max में 6.72 इंच का Full HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है। स्क्रीन की अधिकतम ब्राइटनेस 1,050 निट्स तक है। इसमें Water Touch टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिससे गीली स्क्रीन पर भी टच रिस्पॉन्स बेहतर रहने का दावा किया गया है। फोन में 4nm तकनीक पर बना Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ 6GB LPDDR5X RAM और 128GB UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। वर्चुअल RAM की मदद से RAM को 18GB तक बढ़ाया जा सकता है।

फोन की सबसे खास बात इसकी 7,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। यह 33W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। बड़ी बैटरी के चलते यह फोन उन लोगों के लिए खास हो सकता है जो लंबे समय तक फोन पर वीडियो देखते हैं, गेम खेलते हैं या लगातार इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं।

Moto G Max में 50MP का Sony LYTIA 600 मुख्य कैमरा दिया गया है। इसमें Quad Pixel तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और विडियो कॉल के लिए 32MP का क्वाड-पिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन में Night Vision, Portrait और Pro Mode जैसे कैमरा फीचर मौजूद हैं। इसके अलावा Google Photos के AI फीचर्स जैसे Magic Eraser और Photo Unblur भी मिलते हैं।

मजबूती के लिहाज से भी Motorola ने फोन में कई फीचर दिए हैं। इसमें Corning Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन, MIL-STD-810H सर्टिफिकेशन और IP64 रेटिंग दी गई है। फोन में स्टीरियो स्पीकर के साथ Dolby Atmos और Hi-Res Audio सपोर्ट मिलता है। इसमें डुअल माइक्रोफोन और 3.5mm हेडफोन जैक भी दिया गया है।

Moto G Max बॉक्स से ही Android 16 पर चलेगा और इसमें Google Gemini का सपोर्ट भी मिलेगा। कंपनी फोन को दो साल तक OS अपडेट और तीन साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने वाली है। फोन तीन रंगों—Pantone Stargazer, Pantone Alaskan Blue और Pantone Malaga में उपलब्ध होगा। 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला यह फोन 27,999 रुपये में लॉन्च हुआ है, जबकि बैंक ऑफर के बाद इसकी प्रभावी कीमत 26,999 रुपये हो सकती है। बिक्री 20 अगस्त से शुरू होगी।