पेट्रोल-डीजल से दूरियां, EV से नज़दीकियां : लॉजिस्टिक्स में नई क्रांति

पेट्रोल-डीजल से दूरियां, EV से नज़दीकियां : लॉजिस्टिक्स में नई क्रांति

• EV से बदलेगा डिलीवरी सिस्टम, Euler-Green Drive की बड़ी तैयारी

• शहरों में घरों तक सामान पहुंचाएंगे इलेक्ट्रिक वाहन

आज के समय में ऑनलाइन खरीदारी, ई-कॉमर्स और तेज डिलFवरी सेवाओं के कारण सामान पहुंचाने वाले वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में प्रदूषण कम करने और ईंधन खर्च घटाने के लिए कंपनियां इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रही हैं। इसी दिशा में Euler Motors और Green Drive Mobility ने साझेदारी की है। दोनों कंपनियां मिलकर भारत में इलेक्ट्रिक कार्गो वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाएंगी।

इस साझेदारी के तहत Euler Motors के इलेक्ट्रिक 4-व्हीलर कार्गो वाहन Storm LR और TURBO EV 1000 को Green Drive Mobility के लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में शामिल किया जाएगा।

दोनों कंपनियों के बीच साझेदारी के तहत करीब 50 इलेक्ट्रिक कार्गो वाहन पहले ही तैनात किए जा चुके हैं। अब चालू वित्त वर्ष में इनकी संख्या बढ़ाकर करीब 500 वाहनों तक करने की योजना है। इन इलेक्ट्रिक वाहनों को शुरुआत में दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में लगाया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे अन्य शहरों में भी विस्तार किया जाएगा।

Euler Motors और Green Drive Mobility का लक्ष्य है कि 2028 तक करीब 1,000 इलेक्ट्रिक कार्गो वाहन सड़कों पर उतारे जाएं। इससे लॉजिस्टिक्स कंपनियों को कम खर्च में सामान पहुंचाने में मदद मिलेगी और प्रदूषण भी कम होगा। इलेक्ट्रिक कार्गो वाहन खासतौर पर शहरों के अंदर होने वाली डिलीवरी के लिए उपयोगी माने जाते हैं। इनमें पेट्रोल-डीजल वाहनों की तुलना में ईंधन खर्च कम होता है और रखरखाव का खर्च भी कम हो सकता है।

Euler Motors के इलेक्ट्रिक कार्गो वाहन, Storm LR और TURBO EV 1000 ज्यादा सामान ढोने की क्षमता, लंबी रेंज और तेज चार्जिंग जैसी सुविधाओं के लिए बनाए गए हैं। इन वाहनों में API इंटीग्रेशन की सुविधा भी है, जिससे फ्लीट ऑपरेटर वाहन की स्थिति, इस्तेमाल और संचालन पर रियल टाइम नजर रख सकते हैं। इससे वाहन का बेहतर उपयोग और समय की बचत होती है।

Green Drive Mobility भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख कंपनियों में से एक है। कंपनी के पास पहले से 9,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहनों का बेड़ा है, जिसमें दोपहिया, तिपहिया, चार पहिया कार्गो वाहन, EV कैब और इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। कंपनी ई-कॉमर्स, FMCG, रिटेल, डेयरी, कूरियर और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधान उपलब्ध कराती है। दोनों कंपनियों का मानना है कि आने वाले समय में टिकाऊ और प्रदूषण मुक्त लॉजिस्टिक्स की मांग तेजी से बढ़ेगी। इलेक्ट्रिक कार्गो वाहन इस बदलाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं।