नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी कार निर्माता Maruti Suzuki ने वैकल्पिक ईंधन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए Wagon R Bioflex को बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने इस नई फ्लेक्स-फ्यूल कार की कीमत 7.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की है। कार पेट्रोल के साथ-साथ 85 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रित ईंधन (E85) पर भी चल सकती है। यह नई Wagon R Bioflex, Wagon R के टॉप वेरिएंट ZXi+ 1.2 MT पर आधारित है और इसकी कीमत सामान्य मॉडल से 86,000 रुपये ज्यादा रखी गई है। फिलहाल कंपनी इसे केवल व्यावसायिक क्षेत्र के ग्राहकों के लिए उपलब्ध करा रही है।
फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक वाली गाड़ियां पेट्रोल और एथेनॉल के अलग-अलग मिश्रणों पर चल सकती हैं। Wagon R Bioflex में E20 से लेकर E85 तक का ईंधन इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका मकसद पेट्रोल पर निर्भरता कम करना और पर्यावरण को बेहतर बनाना है। नई Wagon R Bioflex में 1.2-लीटर, 4-सिलिंडर K12N पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 91 हॉर्सपावर और 114Nm टॉर्क पैदा करता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जुड़ा है। पावर और टॉर्क सामान्य Wagon R जितना ही है, लेकिन एथेनॉल वाले ईंधन को संभालने के लिए इसमें कई बदलाव किए गए हैं। इनमें नए फ्यूल इंजेक्टर, अपग्रेडेड फ्यूल पंप, नई फ्यूल लाइन, री-कैलिब्रेटेड ECU और एथेनॉल सेंसर शामिल हैं।
कंपनी ने अभी तक Wagon R Bioflex का आधिकारिक माइलेज नहीं बताया है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि E85 ईंधन पर माइलेज पेट्रोल या E20 की तुलना में कम हो सकता है। हालांकि एथेनॉल ईंधन अपेक्षाकृत सस्ता होने के कारण कुल खर्च में कुछ राहत मिल सकती है। नई Wagon R Bioflex देखने में लगभग सामान्य Wagon R जैसी ही है। बाहरी हिस्से में सिर्फ “Flex Fuel” डेकल और पीछे “Bioflex” बैज लगाया गया है। Maruti Suzuki ने इस कार को आधुनिक फीचर्स से लैस रखा है। इसमें 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Android Auto और Apple CarPlay, 6 एयरबैग, ESP (Electronic Stability Program), रियर पार्किंग सेंसर, फॉग लैंप, चारों पावर विंडो, रियर वाइपर-वॉशर और टर्न इंडिकेटर वाले ORVM दिए गए हैं। फिलहाल कंपनी का फोकस Commercial ग्राहकों पर है। हालांकि आने वाले समय में अगर फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक को अच्छा रेस्पॉन्स मिलता है, तो इसे आम ग्राहकों के लिए भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
