• बायोगैस प्लांट से बदलेगी आंध्र की तस्वीर, किसानों की होगी चांदी, कचरे से बनेगी गैस और गांवों में आएगा रोजगार
• AI, ड्रोन और रोबोटिक्स से बदलेगी खेती, ₹40 हजार करोड़ का मेगा प्लान
• जियो की डिजिटल पाठशाला में पढ़ेंगे किसान, गांव-गांव पहुंचेगी आधुनिक खेती
• रायलसीमा बनेगा बागवानी का ग्लोबल हब, ₹40 हजार करोड़ का निवेश
रिलायंस इंडस्ट्रीज की आंध्र प्रदेश में 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना है। कंपनी इस भारी-भरकम निवेश से राज्य में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट लगाएगी। इससे अगले कुछ दशकों में 3 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आंध्र प्रदेश को करीब ₹60,000 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। 40,000 करोड़ रुपये की लागत से रायालसीमा में ग्लोबल हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन, रोबोटिक्स और आधुनिक कृषि तकनीक का इस्तेमाल होगा। जियो के माध्यम से लाखों किसानों को उनकी स्थानीय भाषाओं में डिजिटल ट्रेनिंग भी दी जाएगी। रिलायंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत एम. अंबानी ने शुक्रवार को मदनपल्ले में आयोजित शिलान्यास समारोह में इन योजनाओं का ऐलान किया।
रिलायंस के इस निवेश का सबसे अहम हिस्सा कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट होंगे। इन संयंत्रों में कृषि अवशेष, पशुओं का गोबर, खाद्य पदार्थों का कचरा और दूसरे जैविक अपशिष्ट का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रोसेसिंग के बाद इससे मीथेन से भरपूर गैस तैयार होगी। इसे कंप्रेस करके ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे परिवहन, उद्योग और व्यावसायिक क्षेत्रों को स्वच्छ ईंधन का विकल्प मिलेगा। साथ ही कृषि कचरे का बेहतर इस्तेमाल होगा और जैविक खाद भी तैयार की जा सकेगी। किसानों के लिए यह अतिरिक्त कमाई का नया जरिया बन सकता है।
रिलायंस की दूसरी बड़ी योजना रायालसीमा को आधुनिक बागवानी और कृषि का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाने की है। इसके लिए ₹40,000 करोड़ रुपये के निवेश से रायालसीमा हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर विकसित किया जाएगा। इस संस्थान में पारंपरिक खेती के अनुभव को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा। किसानों को फसलों की निगरानी के लिए ड्रोन, कीटों के हमलों की समय रहते पहचान, सटीक सिंचाई और रोबोटिक्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
जियो गांवों में वर्चुअल क्लासरूम के जरिये लाखों किसानों को भारतीय भाषाओं में प्रशिक्षण देने की तैयारी कर रही है। Jio Krishi प्लेटफॉर्म भी किसानों को कृषि संबंधी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
जून 2024 से आंध्र प्रदेश सरकार ने 388 बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इनमें ₹14 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं। कंपनी जामनगर में बायो-एनर्जी अनुसंधान केंद्र स्थापित कर चुकी है। इसके अलावा प्रस्तावित विश्वविद्यालय के लिए इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर और वंतारा के बीच संभावित सहयोग पर भी विचार किया जाएगा।
