• TATA MOTORS ने दुनिया में बजाया डंका, Iveco के साथ मिलकर बनी दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कमर्शियल व्हीकल कंपनी
TATA-Iveco हर साल मिलकर बेचेंगे 5.9 लाख गाड़ियां
भारत से यूरोप तक TATA का विस्तार! Iveco के साथ ऑटोमोबाइल बाजार में नया पावर सेंटर
कमर्शियल व्हीकल बाजार में महागठबंधन, TATA -Iveco के पास 73 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की ताकत
TATA MOTORS का इंटरनेशनल मास्टरस्ट्रोक! 27 प्लांट और 25 रिसर्च सेंटर से बढ़ेगा दबदबा
भारतीय ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने वैश्विक बाजार में एक बड़ी छलांग लगाई है। TATA MOTORS और इटली की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी Iveco Group के एकीकरण से दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कमर्शियल व्हीकल कंपनी तैयार हो गई है। 6 टन से अधिक क्षमता वाले ट्रकों की बिक्री के मामले में यह संयुक्त कारोबार वैश्विक स्तर पर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इसकी सालाना आय करीब 21 अरब यूरो यानी 2.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।
दोनों कंपनियां मिलकर हर साल करीब 5.9 लाख वाहन बेचने की क्षमता रखती हैं। इनका कारोबार 130 से अधिक देशों में फैला है। नए समूह के पास 27 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, 25 रिसर्च एवं डेवलपमेंट सेंटर और करीब 9,300 सेल्स एवं सर्विस सेंटर होंगे। इस वैश्विक कारोबार में 73 हजार से अधिक कर्मचारी काम करेंगे। 3 नवंबर 2026 को इटली के ट्यूरिन में आयोजित वैश्विक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस नए कारोबारी समूह की घोषणा की गई। इस एकीकरण से TATA MOTORS को यूरोप और लैटिन अमेरिका जैसे बड़े बाजारों में अपनी पहुंच मजबूत करने का मौका मिलेगा। वहीं Iveco को भारत और एशिया के उभरते बाजारों में विस्तार के नए अवसर मिलेंगे।
TATA MOTORS भारत में छोटे कार्गो वाहनों से लेकर 55 टन तक के भारी ट्रक और बसों की मजबूत रेंज रखती है। दूसरी ओर Iveco हल्के, मध्यम और भारी कमर्शियल वाहनों के साथ सिटी बस और इंटरसिटी कोच बनाने में विशेषज्ञता रखती है।
Iveco का FPT कारोबार इंजन और पावरट्रेन तकनीक में भी मजबूत पहचान रखता है। दोनों कंपनियों के एक साथ आने से इलेक्ट्रिक वाहनों, हाइड्रोजन तकनीक, प्राकृतिक गैस और अन्य कम उत्सर्जन वाले पावरट्रेन के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। संयुक्त समूह अपनी वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग और रिसर्च सुविधाओं का इस्तेमाल करके उत्पादन क्षमता बढ़ाने, तकनीक साझा करने और लागत कम करने की दिशा में काम कर सकेगा। TATA संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने इसे दोनों कंपनियों के लिए नए अध्याय की शुरुआत बताया।
TATA MOTORS के एमडी एवं सीईओ गिरीश वाघ ने इंजीनियरिंग, तकनीक और वैश्विक वितरण नेटवर्क की संयुक्त ताकत को अहम बताया। वहीं Iveco के सीईओ ओलोफ पर्सन ने कंपनी की औद्योगिक विरासत को बरकरार रखते हुए विकास के नए अवसरों पर जोर दिया। खास बात यह है कि Iveco का मुख्यालय इटली के ट्यूरिन में ही रहेगा। उसके मौजूदा ब्रांड, ग्राहक अनुबंध, वारंटी, डीलर नेटवर्क और सर्विस सुविधाएं भी जारी रहेंगी।
