Tata का ट्रिपल अटैक: SUV हिट, EV सुपरहिट, बिक्री रिकॉर्ड तोड़

नई दिल्ली : इंडियन पैसेंजर व्हीकल मार्केट में Tata Motors ने मई 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने 42 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज करते हुए कुल 59,790 यात्री वाहनों की बिक्री की और देश की दूसरी सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल निर्माता कंपनी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

बिक्री के मामले में Tata Motors केवल Maruti Suzuki से पीछे रही, जबकि कई प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ने में सफल रही। मई 2026 में घरेलू बाजार में 59,090 वाहनों की बिक्री हुई, जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा 41,557 यूनिट था। वहीं निर्यात भी बढ़ा और 483 यूनिट्स से बढ़कर 700 यूनिट्स तक पहुंच गया। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों को मिलाकर कंपनी की कुल बिक्री 59,790 यूनिट्स रही, जो पिछले वर्ष की 42040 यूनिट्स की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है।

Tata Motors की इस शानदार सफलता के पीछे उसकी लोकप्रिय SUV रेंज की बड़ी भूमिका रही। Tata Nexon, Tata Punch, Tata Curvv, Tata Harrier और Tata Safari जैसी SUVs ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई हैं। मजबूत फीचर्स, सुरक्षा और आधुनिक तकनीक के दम पर इन मॉडलों की मांग लगातार बढ़ रही है। मई 2026 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक कंपनी का इलेक्ट्रिक वाहन (EV) कारोबार रहा। टाटा मोटर्स ने इस दौरान कुल 10,517 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की, जो कंपनी के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा मासिक EV बिक्री आंकड़ा है। पिछले वर्ष मई में कंपनी ने 5,685 EV बेचे थे। इस तरह EV बिक्री में 85 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई।

Tata Nexon EV, Punch EV, Curvv EV और Tiago EV जैसे मॉडलों ने इलेक्ट्रिक सेगमेंट में कंपनी की पकड़ को और मजबूत किया है। बढ़ती ईंधन कीमतों, सरकारी प्रोत्साहन और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार का सीधा फायदा टाटा मोटर्स को मिलता दिखाई दे रहा है। कंपनी ने यह भी बताया कि VAHAN पोर्टल पर उसके वाहनों के रिटेल रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह संकेत देता है कि केवल डीलर डिस्पैच ही नहीं, बल्कि ग्राहकों के बीच वास्तविक मांग भी मजबूत बनी हुई है। SUV और EV दोनों सेगमेंट में लगातार बढ़ती लोकप्रियता के दम पर टाटा मोटर्स ने नए वित्त वर्ष की धमाकेदार शुरुआत की है। यदि यही रफ्तार जारी रहती है तो आने वाले महीनों में कंपनी भारतीय ऑटो बाजार में अपनी हिस्सेदारी और मजबूत कर सकती है।