नई दिल्ली। इंडियन कार मार्केट में SUV की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद Hyundai की प्रीमियम हैचबैक i20 ने बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। लॉन्च के करीब 18 साल बाद Hyundai i20 ने भारत में 15 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि बताती है कि बदलते ऑटो बाजार में भी i20 ने अपनी अलग पहचान बनाए रखी है। Hyundai i20 को भारत में साल 2008 में लॉन्च किया गया था। यह कंपनी की लोकप्रिय Hyundai Getz के बाद प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में आई थी। समय के साथ i20 ने तीन जनरेशन का सफर पूरा किया और हर नई पीढ़ी के साथ इसमें ज्यादा फीचर्स, बेहतर डिजाइन और नई टेक्नोलॉजी जोड़ी गई।
जब i20 बाजार में आई थी, तब प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट काफी मजबूत था। ग्राहक छोटी कार से ऊपर उठकर ज्यादा फीचर और बेहतर डिजाइन वाली कार खरीदना पसंद कर रहे थे। Hyundai ने i20 में लगातार बदलाव किए और इसमें बड़ी टचस्क्रीन, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, ज्यादा सेफ्टी फीचर्स, प्रीमियम इंटीरियर और बेहतर डिजाइन जैसे फीचर्स शामिल किए।
मौजूदा i20 तीसरी जनरेशन में उपलब्ध है। इसके अलावा कंपनी इसका स्पोर्टी वर्जन i20 N Line और खास i20 Knight Edition भी बेचती है।
भारत में मौजूदा Hyundai i20 की कीमत करीब ₹6 लाख से ₹11.74 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाती है। इसमें 1.2-लीटर Kappa पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 5-स्पीड मैनुअल और IVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है। स्पोर्टी ड्राइव पसंद करने वालों के लिए i20 N Line में 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसमें 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक विकल्प मिलता है।
Hyundai i20 में सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें 10.25 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक सनरूफ, वायरलेस चार्जर, Hyundai Bluelink कनेक्टेड फीचर्स, ESC हिल स्टार्ट असिस्ट, Bose 7-स्पीकर ऑडियो, डैशकैम और TPMS जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Hyundai ने नई जनरेशन i20 को कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पेश कर दिया है। इसमें नया डिजाइन, अपडेटेड केबिन और नई टेक्नोलॉजी दी गई है।
हालांकि भारत में इसके लॉन्च की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है, लेकिन i20 की मजबूत बिक्री और भारतीय बाजार में इसकी लोकप्रियता को देखते हुए नया मॉडल आने की उम्मीद बनी हुई है।
