• लुक से लेकर बैटरी तक सब नया! VinFast VF5 फेसलिफ्ट की भारत में दस्तक जल्द
10 इंच की स्क्रीन और 43kWh बैटरी, 99bhp की ताकत
नए फीचर्स के साथ आ रही भारत में Nexon EV को चुनौती देगी VF5
वियतनाम की वाहन निर्माता कंपनी VinFast अपनी अपडेटेड VF5 इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर को भारत में उतारने की तैयारी कर रही है। नए मॉडल में 43kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 370 किलोमीटर (NEDC) तक की रेंज देने का दावा करता है। इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 99bhp की ताकत और 135Nm का टॉर्क पैदा करती है। भारत में आने पर इसका मुकाबला Tata Nexon EV समेत दूसरी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUVs से हो सकता है।
VinFast VF5 के नए मॉडल में डिजाइन से जुड़े कई बदलाव किए गए हैं। इसका अगला हिस्सा पहले के मुकाबले ज्यादा सीधा और सपाट बनाया गया है। कंपनी ने अपने लोगो के आसपास क्रोम डिजाइन को बरकरार रखा है। हेडलैंप को बंपर के नीचे की तरफ लगाया गया है। इसके साथ वर्टिकल एयर इनटेक और नए डिजाइन वाला निचला हिस्सा मिलता है। साइड में ज्यादा उभरी हुई बॉडी क्लैडिंग और 17 इंच के नए अलॉय व्हील दिए गए हैं। पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में फैली LED लाइट बार और रूफ स्पॉइलर इसे नया अंदाज देते हैं।
नई VF5 की लंबाई 3,987mm, चौड़ाई 1,772mm और ऊंचाई 1,595mm है। पुराने मॉडल के मुकाबले यह 20mm लंबी, 49mm चौड़ी और 16mm ऊंची है। हालांकि, इसका व्हीलबेस 2,514mm ही रखा गया है।
कार के अंदर नया और सपाट डैशबोर्ड दिया गया है। इसका टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम अब 10 इंच का है, जबकि पहले 8 इंच की स्क्रीन मिलती थी। ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी भी इसी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। दो-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, वायरलेस चार्जिंग पैड, कप होल्डर और स्लाइडिंग आर्मरेस्ट जैसे फीचर मिलेंगे। सीटों पर डुअल-टोन लेदर जैसी फिनिश दी गई है।
नई VF5 में 43kWh की बैटरी दी गई है। यह पहले मिलने वाले 29.6kWh और 37.23kWh बैटरी विकल्पों से बड़ी है। कंपनी के अनुसार, इसकी रेंज 370 किलोमीटर (NEDC) तक है। इसमें 6.6kW AC और 60kW DC चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है। हालांकि, चार्जिंग में लगने वाले समय की जानकारी अभी नहीं दी गई है।
नई VF5 को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। इसका डिजाइन पेटेंट भी सामने आया है। ये संकेत हैं कि कंपनी भारतीय बाजार के लिए इस मॉडल पर काम कर रही है। लॉन्च होने पर यह Tata Nexon EV जैसी गाड़ियों को चुनौती दे सकती है।
