• चार्जिंग की छुट्टी, एक बार चार्ज करो और भूल जाओ! स्मार्टफोन में मिलेगा पावर बैंक जैसा दम!
• Vivo के नए 5 जी फोन में 120Hz डिस्प्ले, 50MP कैमरा और और 2TB स्टोरेज
• 120Hz स्क्रीन संग Vivo का नया फोन बनेगा बजट सेगमेंट का खिलाड़ी
स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों को अब बार-बार फोन चार्ज करने की झंझट से राहत मिलने वाली है। Vivo ने अपने नए स्मार्टफोन Vivo Y32 5G को पेश कर दिया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत 8,000mAh की विशाल बैटरी है। इसके साथ 120Hz रिफ्रेश रेट वाला बड़ा डिस्प्ले, 50MP कैमरा और 2TB तक स्टोरेज बढ़ाने की सुविधा दी गई है। कंपनी ने फिलहाल इसकी कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं किया है। दमदार बैटरी और 5G कनेक्टिविटी के साथ यह फोन बजट स्मार्टफोन सेगमेंट में अपनी जगह बनाने की तैयारी में है।
Vivo Y32 5G में 6.87 इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है। यह 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है, जिससे स्क्रॉलिंग और स्क्रीन पर मूवमेंट पहले के मुकाबले ज्यादा स्मूद नजर आएंगे। फोन में Qualcomm Snapdragon 4 Gen 2 प्रोसेसर दिया गया है। यह 5G कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। कंपनी ने इसे 6GB रैम और 128GB इंटरनल स्टोरेज वाले विकल्प में पेश किया है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से इसकी स्टोरेज को 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। यानी यूजर्स बड़ी संख्या में फोटो, वीडियो और दूसरी फाइलें आसानी से सेव कर सकेंगे।
इस स्मार्टफोन का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी 8,000mAh बैटरी है। कंपनी के मुताबिक, यह एक बार फुल चार्ज होने पर 37 घंटे तक लोकल विडियो प्लेबैक देने में सक्षम है। इसमें 44W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। इसके अलावा फोन में रिवर्स चार्जिंग फीचर दिया गया है। इसकी मदद से यूजर्स दूसरे कम्पैटिबल डिवाइस और एक्सेसरीज को भी चार्ज कर सकेंगे। लंबी यात्रा करने वालों और लगातार फोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए यह फीचर खास साबित हो सकता है।
फोटोग्राफी के लिए Vivo Y32 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP का प्राइमरी सेंसर और 2MP का सेकेंडरी कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 5 और डुअल सिम सपोर्ट मिलता है। फोन को IP68 और IP69 रेटिंग भी दी गई है, जो धूल और पानी से सुरक्षा प्रदान करती है।
