• 14.5 इंच की स्क्रीन, 7 सीटें और दमदार बैटरी, लग्जरी और रफ्तार का जबरदस्त संगम
106 kWh की बैटरी, 870 Nm का टॉर्क! Volvo EX90 में मिलेगी रॉकेट जैसी रफ्तार
Volvo EX90 में लग्जरी का डबल डोज! वेंटिलेटेड सीटों से लेकर 360 डिग्री कैमरे तक, मिलेंगे धांसू फीचर्स
• 7 सीटर लग्जरी इलेक्ट्रिक Volvo EX90 में 14.5 इंच की टचस्क्रीन और 13.2 इंच का हेड-अप डिस्प्ले!
लग्जरी, अत्याधुनिक तकनीक और जबरदस्त रफ्तार का संगम देखने को मिलने वाला है। Volvo अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV EX90 को भारत में 11 अक्टूबर को लॉन्च करने जा रही है। यह कंपनी की भारतीय इलेक्ट्रिक कार रेंज में EX30 के बाद दूसरी इलेक्ट्रिक SUV होगी। 106 kWh तक की बैटरी, एक बार चार्ज करने पर 608 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज और 680 hp तक की पावर इसे प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में बेहद खास बनाती है।
Volvo EX90 को पहली बार 2022 में पेश किया गया था। अब भारतीय बाजार में इसकी एंट्री से उन ग्राहकों की नजरें इस पर रहेंगी, जो बड़ी फैमिली SUV के साथ इलेक्ट्रिक ड्राइविंग और प्रीमियम सुविधाएं चाहते हैं। Volvo EX90 में 92 kWh और 106 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं। छोटा बैटरी पैक रियर-माउंटेड सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है। यह 333 hp की पावर और 480 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसकी दावा की गई WLTP रेंज 565 किलोमीटर तक है। यह SUV 0 से 100 km/h की रफ्तार 6.6 सेकंड में पकड़ सकती है।
वहीं, 106 kWh बैटरी वाला डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव वेरिएंट 456 hp की पावर और 670 Nm का टॉर्क देता है। इसकी अधिकतम दावा की गई रेंज 608 किलोमीटर है। यह महज 5.3 सेकंड में 0 से 100 km/h की रफ्तार पकड़ सकता है।
जो ग्राहक ज्यादा पावर और तेज रफ्तार चाहते हैं, उनके लिए EX90 का परफॉर्मेंस वेरिएंट भी उपलब्ध है। इसमें 106 kWh बैटरी और डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सेटअप मिलता है। यह 680 hp की अधिकतम पावर और 870 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह वेरिएंट महज 4 सेकंड में 0 से 100 km/h की रफ्तार पकड़ सकता है। 608 किलोमीटर की अधिकतम रेंज 456 hp वाले वेरिएंट की है, जबकि 680 hp वाले परफॉर्मेंस मॉडल की दावा की गई रेंज 602 किलोमीटर है। Volvo EX90 का इंटीरियर आधुनिक तकनीक और आराम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 14.5 इंच की वर्टिकल टचस्क्रीन मिलती है, जो Google आधारित सिस्टम पर काम करती है। इसके साथ 9 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 13.2 इंच का हेड-अप डिस्प्ले भी दिया गया है।
SUV में डिजिटल की, चार-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, केबिन एयर प्यूरिफायर, पावर-एडजस्टेबल और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, पैनोरमिक ग्लास रूफ और 360 डिग्री कैमरा शामिल हैं। इसमें सात सीटें स्टैंडर्ड मिलती हैं, जबकि चुनिंदा वेरिएंट में छह सीटों का विकल्प भी उपलब्ध है। डिजाइन के मामले में EX90 को आधुनिक और आकर्षक अंदाज दिया गया है।
