नई दिल्ली: इंडिया की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी TVS Motor Company ने अपना नया और सस्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर TVS Orbiter V1 लॉन्च कर दिया है। इस स्कूटर की शुरुआती कीमत 49,999 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) रखी गई है, जो Battery-As-A-Service (BaaS) मॉडल के तहत है। कंपनी का कहना है कि इस मॉडल से लोगों के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना पहले से ज्यादा सस्ता और आसान हो जाएगा।
दरअसल BaaS मॉडल में ग्राहक को स्कूटर खरीदते समय बैटरी की पूरी कीमत नहीं चुकानी पड़ती। इसके जगह बैटरी को इस्तेमाल करने के लिए हर महीने सब्सक्रिप्शन देना होता है। इसी वजह से स्कूटर की शुरुआती कीमत कम हो जाती है। अगर ग्राहक बैटरी समेत स्कूटर खरीदना चाहता है तो TVS Orbiter V1 की कीमत करीब 84,500 रुपये (एक्स-शोरूम दिल्ली) है। यह नया मॉडल कंपनी की Orbiter सीरीज में शामिल हुआ है। अब इस लाइनअप में दो मॉडल हो गए हैं TVS Orbiter V1 और TVS Orbiter V2। जहां V1 में 1.8 kWh बैटरी दी गई है, वहीं V2 में 3.1 kWh बैटरी मिलती है।
TVS Orbiter V1 को खास तौर पर शहर में रोजाना आने-जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी 1.8 kWh बैटरी एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 86 किलोमीटर तक चलने की रेंज देती है। स्कूटर की बैटरी करीब 2 घंटे 20 मिनट में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है, जिससे यह रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए सुविधाजनक बनता है। इसमें स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, LED हेडलैंप, कलर्ड LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और कॉल अलर्ट जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसके साथ ही सेफ्टी के लिए क्रैश अलर्ट, फॉल डिटेक्शन, एंटी-थेफ्ट अलर्ट, जियो-फेंसिंग और टाइम-फेंसिंग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
डिजिटल फीचर्स में टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और SMS नोटिफिकेशन, रिमोट बैटरी मॉनिटरिंग और OTA सॉफ्टवेयर अपडेट भी शामिल हैं। बेहतर राइडिंग अनुभव के लिए इसमें हिल-होल्ड असिस्ट, क्रूज कंट्रोल, पार्किंग असिस्ट और Eco व Power जैसे दो राइडिंग मोड दिए गए हैं। स्कूटर को आरामदायक बनाया गया है। इसमें 845 मिमी लंबी फ्लैट सीट, 290 मिमी का फुटबोर्ड और 34 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज दिया गया है, जिसमें दो हेलमेट तक रखे जा सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक BaaS मॉडल के तहत ग्राहक करीब 862 रुपये प्रति महीने से बैटरी सब्सक्रिप्शन प्लान ले सकते हैं। इसके साथ 5 साल या 70,000 किलोमीटर तक की वारंटी भी दी जाएगी। TVS Orbiter V1 को कम कीमत, अच्छी रेंज और स्मार्ट फीचर्स के साथ शहर में रोजाना इस्तेमाल के लिए एक किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर के रूप में पेश किया गया है।
