TVS का इलेक्ट्रिक स्कूटर iQube S 4.7 kWh लॉन्च, एक चार्ज में दौड़ेगा 175 किमी

नई दिल्ली: TVS Motor India ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो को और मजबूत करते हुए नया TVS iQube S 4.7 kWh वेरिएंट लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस नए मॉडल को बड़ी बैटरी, लंबी रेंज और कई एडवांस फीचर्स के साथ बाजार में उतारा है। नया 4.7 kWh वेरिएंट अब पुराने 3.5 kWh मॉडल की जगह लेगा। TVS ने इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1,37,142 रुपये तय की है। कंपनी ने इसमें नए कलर ऑप्शन भी जोड़े हैं, जिससे ग्राहकों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे।

नए TVS iQube S में 4.7 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है। यह बैटरी 5.9 hp की पीक पावर और 33 Nm का मैक्सिमम टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का दावा है कि पोर्टेबल चार्जर की मदद से यह बैटरी 0 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 4 घंटे में चार्ज हो सकती है। TVS iQube S 4.7 kWh वेरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर 175 किलोमीटर तक की IDC रेंज देने का दावा करता है। वहीं इसकी टॉप स्पीड 82 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। कंपनी के अनुसार यह स्कूटर सिर्फ 4.3 सेकंड में 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है, जिससे शहर के ट्रैफिक में तेज एक्सीलरेशन का फायदा मिलेगा।

फीचर्स के मामले में भी TVS ने इस स्कूटर को काफी आधुनिक बनाया है। इसमें TFT डिस्प्ले, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, राइड स्टैटिस्टिक्स, नेविगेशन सपोर्ट और अलर्ट नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा स्कूटर में Reverse Mode भी मिलता है, जिससे पार्किंग और तंग जगहों में स्कूटर निकालना आसान हो जाता है। सुरक्षा के लिए इसमें Crash Alert, Fall Alert और Anti-Theft Alert जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।

TVS ने स्कूटर के इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट्स को IP67 रेटिंग दी है, जिससे धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा मिलेगी। स्कूटर का वजन 128.8 किलोग्राम है। इसमें 770 mm सीट हाइट, 157 mm ग्राउंड क्लीयरेंस और 1301 mm व्हीलबेस दिया गया है। स्कूटर 12-इंच अलॉय व्हील्स पर चलता है, जिनमें दोनों तरफ 90/90-12 ट्यूबलेस टायर लगाए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे 220 mm डिस्क ब्रेक और पीछे 130 mm ड्रम ब्रेक दिया गया है।

नए वेरिएंट के साथ TVS ने दो नए कलर ऑप्शन भी लॉन्च किए हैं, जिनमें Magnificence Purple Beige और Harlequin Blue Beige शामिल हैं। इसके अलावा Titanium Grey Matte रंग का विकल्प भी ग्राहकों को मिलेगा।