नई दिल्ली: इंडिया के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में Simple Energy ने अपनी नया पावरफुल स्कूटर Ultra लॉन्च किया है, जिसकी शुरुआती कीमत 2,34,999 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कंपनी ने इस स्कूटर में 400 किलोमीटर तक की IDC रेंज का दावा किया है, जो इसे देश के सबसे लंबी दूरी तय करने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में शामिल करता है।
इस स्कूटर में 6.5 kWh की डुअल बैटरी सेटअप है, जिसमें 5 kWh और 1.5 kWh का कॉम्बिनेशन दिया गया है। स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 400 किमी तक चलने का दावा करता है। इसमें लगी इलेक्ट्रिक मोटर 8.8 kW की पीक पावर और 72 Nm का टॉर्क देता है, जिससे यह स्कूटर सिर्फ 2.77 सेकंड में 0 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है। इसकी टॉप स्पीड 115 किमी/घंटा है।
स्कूटर फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में सिर्फ 2 घंटे 15 मिनट का समय लगता है। हर मिनट चार्जिंग पर करीब 1.5 किमी की रेंज जुड़ती है, जबकि घर पर चार्ज करने के लिए 750W का स्टैंडर्ड चार्जर दिया गया है।
Ultra में 7-इंच का TFT टचस्क्रीन कंसोल दिया गया है, जो SimpleOS पर चलता है। इसमें MapMyIndia नेविगेशन, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, कॉल और म्यूजिक कंट्रोल, मैसेज अलर्ट और OTA अपडेट जैसे फीचर्स मिलते हैं।
राइडिंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए इसमें Eco X, Eco, Ride, Air, Sonic और Sonic X जैसे छह राइडिंग मोड दिए गए हैं। Eco मोड में जहां स्पीड सीमित रहती है, वहीं Sonic X मोड में यह स्कूटर 115 किमी/घंटा तक की रफ्तार पकड़ सकता है।
स्कूटर में स्टील ट्यूबलर चेसिस, आगे टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। 12-इंच के अलॉय व्हील्स के साथ ट्यूबलेस टायर्स मिलते हैं। दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक के साथ CBS सिस्टम दिया गया है। स्कूटर का ग्राउंड क्लीयरेंस 172 मिमी है, वजन 139 किलोग्राम है। इसमें 26 लीटर का बूट स्पेस मिलता है।
कंपनी इस स्कूटर के साथ 3 साल या 30,000 किमी की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जबकि बैटरी और मोटर पर 5 साल/50,000 किमी और 8 साल/80,000 किमी तक के एक्सटेंडेड ऑप्शन भी उपलब्ध हैं। पोर्टेबल चार्जर पर 3 साल या 20,000 किमी की वारंटी दी जा रही है।
