देश के हर शहर में Ola की पहुंच बढ़ाने की तैयारी, डीलरों के हाथ में सेल और सर्विस की होगी कमान
ola का दिवाली मिशन: डीलर जोड़ो, EV को हर शहर-कस्बे तक पहुंचाओ, कंपनी स्टोर के साथ अब डीलर नेटवर्क बनेगा मजबूत
बेंगलुरु, 6 अगस्त। इलेक्ट्रिक दोपहिया बाजार में मजबूत पकड़ बनाने के बाद Ola Electric ने अपने कारोबार का तरीका बदलने का बड़ा फैसला किया है। कंपनी अब देशभर में डीलर पार्टनर्स को अपने बिक्री और सर्विस नेटवर्क से जोड़ने जा रही है। कंपनी का लक्ष्य दिवाली 2026 तक देश में मजबूत फुल-फ्लेज्ड डीलर नेटवर्क तैयार करना है।
कंपनी के मुताबिक उसके पास पहले से 10 लाख से ज्यादा EV ग्राहक हैं, जिससे नए डीलरों को बिक्री के साथ बड़ी सर्विस और रिपीट बिजनेस की संभावना मिलेगी। Ola Electric ने करीब पांच साल पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में उतरते समय कंपनी के अपने स्टोर के जरिए कारोबार शुरू किया था। अब कंपनी के मुताबिक EV बाजार काफी आगे बढ़ चुका है और ग्राहकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है। ऐसे में कंपनी अपने स्टोर को मुख्य रूप से ब्रांड और प्रोडक्ट एक्सपीरियंस सेंटर के तौर पर इस्तेमाल करेगी, जबकि स्थानीय बिक्री और सर्विस की जिम्मेदारी में डीलर अहम भूमिका निभाएंगे।
कंपनी डीलरों को अपना पूरा EV पोर्टफोलियो भी देगी। इसमें इलेक्ट्रिक स्कूटर, मोटरसाइकिल और Ola Shakti जैसे एनर्जी प्रोडक्ट शामिल हैं। आने वाले समय में कंपनी और एनर्जी प्रोडक्ट भी जोड़ने की तैयारी कर रही है। डीलर नेटवर्क शुरू करने से पहले कंपनी ने देशभर के डीलरों के साथ करीब एक महीने तक बातचीत और जमीनी स्तर पर चर्चा की। कंपनी के मुताबिक डीलरों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही है।
Ola Electric के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर Bhavish Aggarwal ने कहा कि EV बाजार अब उस दौर में पहुंच गया है जहां कंपनी को देश के हर हिस्से तक पहुंच बनानी है। इस बड़े बदलाव के बीच ऑटो इंडस्ट्री के अनुभवी नाम BVR Subbu की Ola Electric में वापसी हुई है। वह कंपनी में Senior Advisor की भूमिका संभालेंगे> subbu इससे पहले Hyundai Motor India के President रह चुके हैं। वह Ola Electric के बोर्ड में भी रह चुके हैं
Ola Electric का कहना है कि उसके पास भारत में 4,000 से ज्यादा स्टोर का कंपनी-स्वामित्व वाला नेटवर्क है। डीलर पार्टनर बनने के इच्छुक कारोबारी Ola Electric के पार्टनर प्रोग्राम पर आवेदन कर सकते हैं।
