3.13 लाख में किलर लुक वाली Honda CBR150R ब्लैक कलर में लॉन्च

नई दिल्ली: स्पोर्ट्स बाइक सेगमेंट में Honda ने 2026 मॉडल के साथ एक नया तड़का लगा दिया है। कंपनी ने मलेशिया में अपनी पॉपुलर बाइक CBR150R का 2026 वर्जन लॉन्च कर दिया है, जिसकी कीमत MYR 13,399 (करीब 3.13 लाख रुपये) रखी गई है। लुक्स को और ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए नया “Stealth Black” कलर ऑप्शन जोड़ा गया है।


अब 2026 Honda CBR150R कुल तीन रंगों—Honda Tricolor, Silver और नए Stealth Black—में उपलब्ध है। नया Stealth Black कलर पूरी तरह ब्लैक थीम पर आधारित है, जिसमें ऑरेंज रंग के शार्प एक्सेंट दिए गए हैं, जो बाइक को और ज्यादा स्पोर्टी और एग्रेसिव लुक देते हैं। बाइक के अलॉय व्हील्स, इंजन केसिंग और एग्जॉस्ट जैसे हिस्सों को ब्लैक फिनिश दिया गया है, जबकि फ्रंट काउल, फेयरिंग, फ्यूल टैंक और अंडरसीट एरिया में ऑरेंज टच इसे भीड़ से अलग बनाता है। नए कलर के अलावा बाइक में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही 149.2cc का सिंगल सिलेंडर, लिक्विड कूल्ड, DOHC इंजन मिलता है, जो 16.3 PS की पावर और 13.7 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है और इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच भी दिया गया है।

बाइक का फ्रेम Diamond (Truss) टाइप है, जो इसे मजबूत और स्टेबल बनाता है। आगे इनवर्टेड टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे मोनोशॉक दिया गया है। दोनों पहियों में 17-इंच के व्हील्स हैं, जिनमें ट्यूबलेस टायर्स लगे हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, साथ ही डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड मिलता है। सीट हाइट 788mm है, जिससे ज्यादातर राइडर्स को आरामदायक राइड मिलती है। ग्राउंड क्लीयरेंस 151mm और कर्ब वेट 137 किलोग्राम है, जो इसे हल्का और हैंडलिंग में आसान बनाता है। इसमें फुल LED लाइटिंग सिस्टम और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है, जो बाइक के मॉडर्न और स्पोर्टी लुक को और बढ़ाता है।

Honda ने इस बाइक को इंडिया में 2012 से 2017 के बीच बेचा था, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। हालांकि 2022 में इसका पेटेंट फाइल किया गया था, लेकिन अभी तक भारत में लॉन्च को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। कुल मिलाकर, 2026 Honda CBR150R नए Stealth Black कलर के साथ और ज्यादा स्टाइलिश और आकर्षक हो गई है।