22 अप्रैल को बड़ा दांव खेलेगी Tesla: फैमिली पर फोकस, 6 सीटर Model Y L इंडिया में एंट्री को तैयार

नई दिल्ली: Tesla 22 अप्रैल 2026 को अपना नया और बड़ा SUV वर्जन Tesla Model Y L लॉन्च कर सकती है। यह मॉडल मौजूदा Model Y का लंबा और ज्यादा स्पेस वाला वर्जन होगा, जिसे खास तौर पर 6-सीटर लेआउट के साथ पेश किया जा सकता है। अब Tesla इंडियन रोड्स की फैमिली जरूरतों को ध्यान में रखकर रणनीति बदलती नजर आ रही है।

इंडिया में Tesla को अपने Tesla Model Y से उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला। 2025 में कंपनी सिर्फ 225 यूनिट्स ही बेच पाई, जबकि लक्ष्य करीब 2,500 यूनिट्स का था, यहां तक कि स्टॉक खाली करने के लिए कंपनी को 2 लाख रुपये तक की छूट भी देनी पड़ी। Tesla Model Y L में ‘L’ का मतलब है Long Wheelbase। यह गाड़ी लंबाई और व्हीलबेस दोनों में स्टैंडर्ड Model Y से बड़ी होगी। इसमें तीसरी सीट की पंक्ति (3rd row) जोड़ी गई है। यह 2+2+2 सीटिंग लेआउट के साथ आएगी, जो भारतीय परिवारों के लिए ज्यादा उपयोगी माना जाता है। Tesla अभी भी अपनी गाड़ियां शंघाई प्लांट से भारत में ला रही है, ऐसे में Model Y L के साथ भी यही रणनीति अपनाई जा सकती है।

चीन में Model Y L की कीमत करीब CNY 3,39,000 (लगभग ₹46 लाख) से शुरू होती है, लेकिन इंडिया में इंपोर्ट ड्यूटी और टैक्स के चलते इसकी कीमत इससे काफी ज्यादा हो सकती है, तुलना करें तो भारत में मौजूदा Tesla Model Y की कीमत 59.9 लाख से 67.9 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। इसमें 82 kWh बैटरी पैक मिलेगा। इसमें AWD (ऑल व्हील ड्राइव) सिस्टम भी मिलेगा, जो इसे ज्यादा पावरफुल और स्टेबल बनाता है।

Model Y L की लंबाई करीब 4,976 mm है, जो स्टैंडर्ड मॉडल से करीब 150 mm ज्यादा है। इसका व्हीलबेस 3,040 mm है, जिससे अंदर ज्यादा स्पेस मिलता है। कार में काफी प्रीमियम फीचर्स हैं, जिसमें पावर्ड और वेंटिलेटेड सीट्स, थर्ड रो के लिए हीटेड सीट्स, पैनोरमिक ग्लास रूफ, 18-स्पीकर साउंड सिस्टम, 16-इंच फ्रंट टचस्क्रीन जैसे फीचर्स शामिल हैं। कुल मिलाकर, Tesla Model Y L Tesla के लिए इंडिया में गेम-चेंजर साबित हो सकती है, क्योंकि यह न सिर्फ ज्यादा स्पेस देती है, बल्कि भारतीय ग्राहकों की फैमिली और कम्फर्ट जरूरतों को भी बेहतर तरीके से पूरा करती है।