नई दिल्ली: इंडिया में BYD ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। यह बढ़ोतरी 1 मई 2026 से लागू होगी। कंपनी के मुताबिक उसकी पूरी लाइनअप पर 2 से 3 प्रतिशत तक दाम बढ़ेंगे। इस फैसले से कंपनी की इंडिया में मौजूद सभी चार गाड़ियां BYD Atto 3, BYD eMax 7, BYD Seal और BYD Sealion 7 के दाम बढ़ जाएंगे।
जहां Atto 3 की शुरुआती कीमत करीब 24.99 लाख रुपये से शुरू होती है और टॉप एंड Sealion 7 करीब 54.90 लाख रुपये तक जाती है, वहीं नई कीमतें लागू होने के बाद ग्राहकों को लगभग 50 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है। प्रीमियम वेरिएंट्स में यह बढ़ोतरी 1.7 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। माना जा रहा है कि Atto 3 की कीमत करीब 25.5 लाख से ऊपर जा सकती है। eMax 7 की कीमत 27 लाख से ज्यादा होगी। Seal करीब 42 लाख से शुरू होगी। Sealion 7 लगभग 55 लाख रुपये के आसपास पहुंच सकती है।
कंपनी की कारों की कीमतों में बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह कच्चे माल की बढ़ती कीमतें हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी और ढांचा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले एल्यूमिनियम और पेट्रोलियम कोक जैसे मटीरियल के दाम बढ़ गए हैं। ग्लोबल सप्लाई चेन पर भी दबाव बना हुआ है। मिडिल ईस्ट के अहम समुद्री रास्ते होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के कारण शिपिंग और लॉजिस्टिक्स लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है। इससे इंपोर्ट पर निर्भर कंपनियों की लागत और बढ़ गई है।
BYD भी इंडिया में अपने कई मॉडल्स और कंपोनेंट्स इंपोर्ट करती है, इसलिए इस तरह के अंतरराष्ट्रीय हालात का असर सीधे उसकी कीमतों पर दिखाई दे रहा है। साल 2026 में कंपनी ने दूसरी बार कीमत बढ़ाई है। इससे पहले भी BYD Sealion 7 की कीमतों में बदलाव किया गया था। लागत का दबाव लगातार बना हुआ है। कीमतों में बढ़ोतरी सिर्फ BYD तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा ऑटो सेक्टर महंगाई के दबाव से गुजर रहा है। Hyundai ने भी मई से कीमतें बढ़ाने का संकेत दिया है। Tata Motors पहले ही अपने वाहनों के दाम बढ़ा चुकी है।
30 अप्रैल 2026 तक BYD की कार पुरानी कीमतों पर खरीदी जा सकती है। EV मार्केट की लागत भी बढ़ रही है और कंपनियां अब इसका बोझ ग्राहकों पर डालने लगी हैं।
