नई दिल्ली: वियतनाम की ऑटो कंपनी VinFast इंडिया में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। कंपनी अपनी नई इलेक्ट्रिक MPV VF MPV 7 की कीमतों का ऐलान 15 अप्रैल को करेगी। यह मॉडल इंडिया में VinFast की तीसरी पेशकश होगी। VF MPV 7 सीधे तौर पर Kia Carens Clavis EV और BYD eMax 7 जैसी पॉपुलर इलेक्ट्रिक MPVs को चुनौती देगी। 7-सीटर EV सेगमेंट में मुकाबला अब और भी दिलचस्प होने वाला है।
VinFast ने 2 अप्रैल से ही इस कार की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है, जिसकी टोकन अमाउंट 21,000 रुपये रखी गई है। यह MPV सिर्फ 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में ही आएगी। कंपनी इसका एक फ्लीट (कमर्शियल) वर्जन भी इस साल के अंत तक लॉन्च करने की तैयारी में है।
VF MPV 7 में 60.1kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है और फ्रंट व्हील्स को पावर देता है। यह सेटअप 201bhp की पावर और 280Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह कार एक बार चार्ज होने पर 500KM से ज्यादा की रेंज देने का दावा करती है, जो इसे लंबी दूरी के लिए भी शानदार विकल्प बनाती है। यह इलेक्ट्रिक MPV 7 अलग-अलग रंगों में उपलब्ध होगी, जिससे ग्राहकों को अपनी पसंद के अनुसार विकल्प मिलेंगे। इसका डिजाइन मॉडर्न और प्रीमियम रखा गया है, जो फैमिली और कमर्शियल दोनों यूज़ के लिए आकर्षक है।
VinFast ने साफ कर दिया है कि इस कार को Battery-as-a-Service (BaaS) मॉडल में नहीं लाया जाएगा। यानी ग्राहकों को इसे पूरी तरह खरीदना होगा, बैटरी अलग से किराए पर लेने का विकल्प नहीं मिलेगा। VF MPV 7 के साथ VinFast भारत के तेजी से बढ़ते EV सेगमेंट में बड़ा दांव खेल रहा है। लंबी रेंज, 7-सीटर स्पेस और पावरफुल परफॉर्मेंस इसे फैमिली और फ्लीट दोनों के लिए आकर्षक बनाते हैं।
