Nissan की इंडिया में वापसी का बजा बिगुल, SUV सेगमेंट में मॉडल्स की बौछार

नई दिल्ली: इंडिया के तेजी से बढ़ते ऑटो बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए Nissan अब बड़ा दांव खेलने जा रही है, कंपनी ने चेन्नई मैन्युफैक्चरिंग जॉइंट वेंचर में अपनी हिस्सेदारी अपने फ्रेंच पार्टनर Renault को बेचकर इंडिया में हल्का ऑपरेशनल स्ट्रक्चर तैयार कर लिया है और अब वह नए मॉडल्स की बौछार से बाजार में वापसी की तैयारी कर रही है।

इंडिया के 47 लाख यूनिट के पैसेंजर व्हीकल मार्केट में Nissan की हिस्सेदारी सिर्फ 0.5% है, लेकिन अब उसकी नजर सिर्फ बिक्री बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि इंडिया को एक मजबूत एक्सपोर्ट हब बनाने पर भी है, कंपनी के टॉप अधिकारियों का कहना है कि इंडिया उनके लिए बेहद अहम बाजार है, भले ही यहां प्रतिस्पर्धा काफी मुश्किल क्यों न हो। अब तक Nissan इंडिया में सिर्फ एक ही मॉडल—Nissan Magnite—के भरोसे चल रही थी, जिससे उसकी पकड़ सीमित रह गई, लेकिन अब कंपनी इस स्थिति को बदलने जा रही है और नए मॉडल्स के जरिए ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ाने की रणनीति बना रही है, इसके लिए कंपनी सैकड़ों मिलियन डॉलर का निवेश करने जा रही है।

हाल ही में कंपनी ने Nissan Gravite लॉन्च की है। इसकी शुरुआती कीमत 5.65 लाख रुपये रखी गई है। प्रीमियम SUV सेगमेंट में Nissan जल्द ही Nissan Tekton लॉन्च करने वाली है। यह SUV दरअसल Renault की नई Renault Duster का ट्विन मॉडल होगी। भले ही Nissan ने चेन्नई प्लांट में अपनी हिस्सेदारी बेच दी हो, लेकिन कंपनी के पास अभी भी सालाना 2.5 लाख यूनिट प्रोडक्शन का अधिकार सुरक्षित है, जो 2029 तक वैध रहेगा और आगे बढ़ाया भी जा सकता है, यानी उत्पादन क्षमता को लेकर कंपनी पूरी तरह सुरक्षित है। इतना ही नहीं, Nissan अब अपने ग्लोबल स्टार मॉडल्स को भी भारत लाने की सोच रही है, जिसमें Nissan Patrol जैसी पावरफुल SUV शामिल है, जो मिडिल ईस्ट में काफी पॉपुलर है और भारत में प्रीमियम सेगमेंट में नई हलचल मचा सकती है।