एक्सप्रेस-वे सुपरफास्ट, देहरादून स्लो : ट्रैफिक ने बिगाड़ा खेल

नई दिल्ली: नई बनी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने पहाड़ों को राजधानी के और करीब ला दिया है। अब Delhi से Dehradun का सफर महज 2.5 घंटे में पूरा होने का दावा किया जा रहा है। करीब 210 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे 6-लेन का है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है। इसमें 16 एंट्री-एग्जिट पॉइंट बनाए गए हैं और यह बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों को जोड़ता है। हरिद्वार के जरिए चारधाम हाईवे से भी इसकी कनेक्टिविटी मजबूत होती है।

लेकिन, इस तेज रफ्तार सफर की हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। वीकेंड पर बड़ी संख्या में दिल्ली से पर्यटक देहरादून पहुंचे, जिससे शहर के अंदर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। हालत यह हो गई कि एक्सप्रेसवे से उतरने के बाद लोगों को देहरादून के अंदर ही करीब 2 घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। दिल्ली से देहरादून पहुंचने में तो 2.5 घंटे लगे, लेकिन देहरादून के अंदर एंट्री में ही उतना ही समय लग गया।

सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा और मजाक दोनों देखने को मिला। कई यूजर्स ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और पोस्ट डालकर ट्रैफिक की स्थिति दिखाई। एक यूजर ने लिखा कि “दिल्ली से देहरादून 2.5 घंटे, लेकिन देहरादून के अंदर ही 2 घंटे लग गए।” वहीं एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि Mussoorie जाने वालों के लिए देहरादून पर बाईपास की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि शहर के ट्रैफिक से बचा जा सके।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कई हाईवे सेक्शन जैसे NH-709B, NH-307, NH-344G और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को मिलाकर बनाया गया है। इसमें कई एलिवेटेड सेक्शन भी शामिल हैं Rajaji National Park के पास 14 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है, जिससे जानवर सुरक्षित तरीके से सड़क पार कर सकें। हाल ही में इस कॉरिडोर का इस्तेमाल करते हुए जानवरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। यहां 340 मीटर लंबी एक टनल भी बनाई गई है। एक्सप्रेसवे ने दूरी तो कम कर दी है, लेकिन शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। अगर जल्द ही बेहतर ट्रैफिक प्लानिंग नहीं की गई तो ढाई घंटे का सफर लोगों के लिए 4-5 घंटे की परेशानी में बदलता रहेगा।