नई दिल्ली: JSW MG Motor India ने अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक लाइनअप की कीमतों में बड़ा इजाफा किया है। अब लग्ज़री EV खरीदना और महंगा हो गया है। कंपनी ने अपनी दोनों लग्ज़री गाड़ियों MPV MG M9 और परफॉर्मेंस रोडस्टर MG Cyberster की कीमत बढ़ा दी हैं। बढ़ती इनपुट लागत के चलते यह फैसला लिया गया है।
MG M9 की कीमत में सीधे 5 लाख रुपये का उछाल आया है, जिसके बाद इसकी नई कीमत ₹75.90 लाख (एक्स-शोरूम) हो गई है। वहीं, MG Cyberster की कीमत 2.50 लाख रुपये बढ़ाई गई है। अब यह ₹77.49 लाख (एक्स-शोरूम) में बिक रही है। यह बदलाव अप्रैल 2026 से पूरे पोर्टफोलियो में लागू किए गए प्राइस रिवीजन का हिस्सा है। MG M9 इंडिया में एक प्रीमियम इलेक्ट्रिक MPV है। यह गाड़ी एक ही फुली-लोडेड वेरिएंट में आती है। इसमें बड़ा 90 kWh बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर करीब 548 किलोमीटर की रेंज देता है।
लक्ज़री के मामले में यह किसी होटल के सुईट से कम नहीं है। 7-सीटर लेआउट, वेंटिलेटेड और मसाज सीट्स, ड्यूल-पेन सनरूफ और 13-स्पीकर का प्रीमियम साउंड सिस्टम इसे बेहद खास बनाते हैं। इसमें लेवल-2 ADAS और कई हाई-टेक फीचर्स दिए गए हैं, जिससे यह Kia Carnival जैसी लग्ज़री MPV को टक्कर देती है, हालांकि कीमत के मामले में यह उससे काफी आगे निकल जाती है।
स्पीड और परफॉर्मेंस में MG Cyberster असली गेमचेंजर है। यह इलेक्ट्रिक रोडस्टर खास तौर पर उन लोगों के लिए है जो EV में भी स्पोर्ट्स कार जैसा थ्रिल चाहते हैं। इसमें ड्यूल मोटर सेटअप दिया गया है, जो 528 bhp पावर और 725 Nm टॉर्क पैदा करता है। यह कार सिर्फ 3.2 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है, जो इसे अपने सेगमेंट की सबसे तेज EVs में शामिल करती है। इसमें 77 kWh बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज करने पर करीब 580 किलोमीटर की रेंज देने का दावा करता है। JSW MG Motor India ने अपनी प्रीमियम EVs को और ज्यादा महंगा जरूर कर दिया है, लेकिन फीचर्स, लग्ज़री और परफॉर्मेंस के मामले में ये गाड़ियां अब भी अपने सेगमेंट में दमदार बनी हुई हैं।
