रफ्तार के दीवानों के लिए 39000 में KYT R1R हेलमेट लॉन्च, रेसिंग ट्रैक का हीरो सड़क पर

नई दिल्ली : प्रीमियम राइडिंग गियर सेगमेंट में बड़ा कदम उठाते हुए KYT Helmets ने इंडिया में अपना नया फुल-फेस रेसिंग हेलमेट R1R लॉन्च कर दिया है। MotoGP रेसिंग प्रोग्राम से विकसित इस हेलमेट की शुरुआती कीमत 39,000 रुपये रखी गई है। यह हेलमेट पहले India Bike Week में पेश किया गया था और अब देशभर में बिक्री के लिए उपलब्ध है।

हेलमेट इटली में डिजाइन किया गया है। इसका 3 साल तक टेस्ट हुआ। हेलमेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी एरोडायनामिक बनावट है। तेज रफ्तार पर हवा का दबाव सीधे हेलमेट पर पड़ता है। अगर शेप सही न हो तो सिर पीछे खिंचता है और गर्दन पर ज़ोर आता है। R1R की शेप इस समस्या का सीधा जवाब है। यह हवा को काटती है, उससे लड़ती नहीं। हाई स्पीड पर भी हेलमेट स्थिर बना रहता है, गर्दन में थकान नहीं होती और कंट्रोल बेहतर रहता है।

इस हेलमेट का वेंटिलेशन सिस्टम भी काफी एडवांस तरीके से काम करता है। सामने की तरफ दिए गए इंटेक चैनल्स लगातार ठंडी हवा को हेलमेट के अंदर खींचते हैं, जबकि पीछे की ओर मौजूद रियर स्पॉइलर और Venturi Effect सिस्टम गर्म हवा को बाहर निकालने में मदद करते हैं। जब बाहर की हवा तेजी से बहती है, तो वह अंदर की गर्म हवा को अपने साथ खींचकर बाहर ले जाती है। इस पूरी प्रक्रिया से हेलमेट के अंदर लगातार एयरफ्लो बना रहता है, जिससे सिर ठंडा रहता है, पसीना कम आता है और राइडर लंबे समय तक बिना थके आराम से राइड कर पाता है। इसे Venturi Effect कहते हैं।

हेलमेट में Hydrocool टेक्निकल फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया है। यह खास कपड़ा पसीने को तेजी से सोखता है और उतनी ही जल्दी सूखा भी देता है, जिससे नमी या चिपचिपाहट महसूस नहीं होती। साथ ही यह गर्मी को भी कंट्रोल करता है। इससे राइडर को लंबे समय तक हेलमेट पहनने में भी आराम मिलता है और ध्यान सड़क पर बना रहता है।

इसमें 210 डिग्री हॉरिजॉन्टल और 90 डिग्री वर्टिकल व्यू मिलता है, जिससे राइडर को काफी वाइड और क्लियर विजन मिलता है। हाई स्पीड पर सुरक्षा के लिए इसमें मेटल अलॉय रेसिंग लॉक सिस्टम दिया गया है, जिससे वाइजर अचानक खुलने का खतरा नहीं रहता।
इसका Colour Graphics वेरिएंट ₹39,000 में उपलब्ध है, जबकि Carbon Graphics और Replica वेरिएंट ₹43,500 में मिलते हैं।