5.80 लाख में बिग फैमिली कार Renault Triber 2026 लॉन्च

नई दिल्ली: इंडिया में फैमिली कार सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने के लिए Renault India ने 2026 की नई Renault Triber 2026 लॉन्च कर दी है। इस 7-सीटर MPV की कीमत 5.80 लाख रुपये से शुरू होकर 8 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है, जबकि टॉप वेरिएंट में AMT ऑप्शन ₹8.47 लाख में मिलता है। नई Triber को चार वेरिएंट Authentic, Evolution, Techno और Emotion में पेश किया गया है।

नई Renault Triber 2026 में सबसे बड़ा बदलाव टॉप वेरिएंट Emotion में है। अब इसमें ऑटोमैटिक AC मिल रहा है। आपको बार-बार तापमान सेट करने की जरूरत नहीं। कार खुद ही ठंडा-गरम कंट्रोल कर लेगी। सेकेंड रो सीट्स में one-touch fold फीचर दिया गया है। एक बटन दबाते ही सीट आगे फोल्ड हो जाएगी और पीछे (तीसरी सीट) तक जाना आसान हो जाएगा। सेकेंड रो सीट्स पूरी तरह फ्लैट भी हो सकती हैं, जिससे कार में सामान रखने की जगह काफी बढ़ जाती है। जरूरत पड़े तो यह कार छोटी वैन की तरह भी इस्तेमाल हो सकती है।

अब कार का इंटीरियर ज्यादा प्रीमियम लगता है। इसमें ड्यूल-टोन डैशबोर्ड और बड़ा टचस्क्रीन सिस्टम दिया गया है, जिसमें आप बिना तार के फोन कनेक्ट करके Android Auto और Apple CarPlay चला सकते हैं। Evolution वेरिएंट में स्टीयरिंग से म्यूजिक/कॉल कंट्रोल, ऑटो डिमिंग मिरर और पीछे लाइट जैसी सुविधाएं मिलती हैं। Techno वेरिएंट में ड्राइवर सीट की ऊंचाई एडजस्ट करना, आर्मरेस्ट, पीछे का शीशा साफ करने वाला सिस्टम, फोल्ड होने वाले मिरर, बेहतर साउंड (ट्वीटर्स) और तीसरी सीट के लिए चार्जिंग सॉकेट जैसे फीचर्स मिलते हैं।

इसमें वही 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन है, जो सामान्य इस्तेमाल के लिए ठीक-ठाक पावर देता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है, और अगर आप ऑटोमैटिक लेना चाहते हैं तो उसका ऑप्शन सिर्फ टॉप वेरिएंट में मिलता है। कार में 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, ESC और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे कुल 21 सेफ्टी फीचर्स स्टैंडर्ड दिए गए हैं। कंपनी इस कार पर 3 साल की वारंटी देती है, जिसे 7 साल तक बढ़ाया जा सकता है।

कंपनी के मुताबिक, इस नया अपडेट से Triber और ज्यादा प्रैक्टिकल, कंफर्टेबल और वैल्यू-फॉर-मनी बनाता है। कम कीमत में बड़ी फैमिली के लिए ज्यादा स्पेस, ज्यादा फीचर्स और बेहतर आराम देने वाली यह कार अब और भी दमदार हो गई है।