Lexus India की कारों पर आठ साल की सुपरवॉरंटी, दो लाख किमी तक फुल भरोसा

नई दिल्ली: लक्ज़री कार बाजार में बड़ा धमाका करते हुए Lexus India ने अपने ग्राहकों के लिए भरोसे का स्तर और ऊंचा कर दिया है। कंपनी ने बिना किसी अतिरिक्त कीमत के इंडिया में बिकने वाली सभी नई कारों पर 8 साल या 2 लाख किलोमीटर तक की वॉरंटी देने का ऐलान कर दिया है। यह नई सुविधा 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है और सीधे तौर पर ग्राहकों को लंबी अवधि का “टेंशन-फ्री ड्राइविंग एक्सपीरियंस” देने पर फोकस करती है।

इससे पहले कंपनी 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर की वॉरंटी देती थी, लेकिन अब माइलेज लिमिट बढ़ाकर 2 लाख किमी कर दी गई है। Lexus ES300h जैसी प्रीमियम सेडान की या फिर Lexus RX और Lexus NX जैसी लग्ज़री SUVs की ज्यादा ड्राइविंग पर करते हैं, उन्हें भी अब पहले से ज्यादा सुरक्षा और भरोसा मिलेगा। यह वॉरंटी कंपनी की पूरी लाइनअप पर लागू होगी। Lexus LX और Lexus LM जैसे हाई-एंड मॉडल भी इसी दायरे में आएंगे।

नई वॉरंटी पॉलिसी के तहत कार के अहम और जरूरी पार्ट्स को कवर किया जाएगा, बशर्ते वाहन का इस्तेमाल सामान्य तरीके से किया जाए और कंपनी के मेंटेनेंस नियमों का पालन किया जाए। वॉरंटी की शुरुआत कार की डिलीवरी डेट से ही मानी जाएगी। खरीदते ही ग्राहकों को लंबी सुरक्षा मिल जाएगी। यह नया फायदा सिर्फ 1 अप्रैल 2026 के बाद खरीदी गई गाड़ियों पर ही लागू होगा। पुराने ग्राहकों को उनकी पुरानी 8 साल/1.6 लाख किमी वाली पॉलिसी ही मिलेगी, इसमें कोई ऑटोमैटिक अपग्रेड नहीं होगा।

कंपनी के प्रेसिडेंट Hikaru Ikeuchi ने इस फैसले को ग्राहकों के भरोसे का सम्मान बताते हुए कहा कि Lexus अपने हर फैसले में ग्राहकों को बेहतरीन अनुभव देने को प्राथमिकता देता है। यह कदम उसी सोच का हिस्सा है, जिससे ग्राहक बिना किसी चिंता के अपनी लग्ज़री कार का पूरा मजा ले सकें।