महाराष्ट्र में Toyota लगाएगी नई फैक्ट्री : 2029 में शुरू होगा प्लांट, हर साल 1 लाख गाड़ियां बनेंगी

मुंबई : Toyota ने महाराष्ट्र के बिडकिन इंडस्ट्रियल एरिया में नया प्लांट लगाने का ऐलान कर दिया है। यह नया प्लांट 2029 की पहली छमाही में उत्पादन शुरू करेगा और इसके जरिए Toyota इंडिया में अपनी पकड़ को और मजबूत बनाना चाहती है। कंपनी का लक्ष्य सिर्फ इंडियन कस्टमर्स तक ही नहीं बल्कि आसपास के देशों तक भी अपनी नई SUV पहुंचाना है।

महाराष्ट्र के Bidkin Industrial Area में बनने वाले इस नए प्लांट में हर साल करीब 1 लाख गाड़ियों का उत्पादन किया जाएगा। यहां स्टैम्पिंग, वेल्डिंग, पेंटिंग और असेंबली जैसे सभी बड़े मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस होंगे। कंपनी यहां एक नई SUV तैयार करेगी, जो भारतीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जाएगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 2800 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि हजारों अप्रत्यक्ष नौकरियां भी पैदा होंगी। इससे महाराष्ट्र में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को नई ताकत मिलेगी और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

Toyota Kirloskar Motor के इंडिया में दो बड़े प्लांट कर्नाटक के बिदादी में मौजूद हैं। पहला प्लांट 1999 में शुरू हुआ था, जहां Innova HyCross, Innova Crysta, Fortuner और Legender जैसी लोकप्रिय SUVs तैयार की जाती हैं। इसकी उत्पादन क्षमता 1.32 लाख यूनिट सालाना है। दूसरा प्लांट 2010 में शुरू हुआ था, जहां Camry Hybrid, Urban Cruiser Hyryder और Hilux जैसे मॉडल बनाए जाते हैं। इसकी उत्पादन क्षमता 2.10 लाख यूनिट सालाना है। दोनों प्लांट मिलाकर कंपनी फिलहाल सालाना 3.42 लाख वाहनों का उत्पादन कर सकती है।

Toyota इंडिया में Glanza, Rumion और Urban Cruiser Taisor जैसे मॉडल भी बेचती है, जबकि Vellfire और LC300 जैसी लग्जरी गाड़ियां पूरी तरह तैयार यूनिट (CBU) के रूप में आयात की जाती हैं। कंपनी का मानना है कि नया प्लांट भारत की ऑटो इंडस्ट्री को नई दिशा देगा और देश को ग्लोबल ऑटोमोबाइल सप्लाई चेन में और मजबूत बनाएगा। Toyota का यह निवेश साफ संकेत देता है कि आने वाले वर्षों में भारत दुनिया के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में शामिल हो सकता है।