जुलाई से BYD की ई-कारें होंगी महंगी, कीमतों में 2% तक बढ़ोतरी

नई दिल्ली: चीन की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता BYD India ने इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल रेंज की कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि 1 जुलाई 2026 से उसकी सभी इलेक्ट्रिक कारें 1% से 2% तक महंगी हो जाएंगी।

जुलाई से BYD की इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदना महंगा हो जाएगा। अगर EV खरीदनी है तो जून तक बुकिंग करा लें, बाद में ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे। BYD की ATTO 3 और SEALION 7 जैसी कारों के दाम 1 जुलाई से बढ़ जाएंगे। डॉलर और विदेशी मुद्रा में बदलाव की वजह से कंपनी ने कीमतें बढ़ाई हैं। मई और जून में बुकिंग कराने वालों को अभी वाली कीमत का फायदा मिलेगा। 31 जुलाई तक डिलीवरी मिलने पर ग्राहकों को पुरानी कीमत ही देनी होगी।

मई और जून 2026 में वाहन बुक कराने वाले ग्राहकों को मौजूदा कीमतों का फायदा मिलेगा, लेकिन शर्त यह है कि उनकी गाड़ी की डिलीवरी 31 जुलाई 2026 तक पूरी हो जाए। वहीं, 1 जुलाई 2026 के बाद की गई सभी नई बुकिंग पर बढ़ी हुई कीमतें लागू होंगी।
BYD India के इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल बिजनेस हेड Rajeev Chauhan ने कहा कि विदेशी मुद्रा में बदलाव के कारण कीमत बढ़ानी पड़ी है । कंपनी भारत में अपनी मौजूदगी लगातार बढ़ा रही है। उसके पोर्टफोलियो में प्रीमियम इलेक्ट्रिक मॉडल जैसे BYD ATTO 3 और हाल में लॉन्च हुई BYD SEALION 7 शामिल हैं। BYD ने अपनी खास तकनीकों का भी जिक्र किया, जिनमें Blade Battery, Cell-to-Body Integration और 8-in-1 इलेक्ट्रिक पावरट्रेन शामिल हैं।

कंपनी का दावा है कि इन तकनीकों से चार्जिंग स्पीड, ड्राइविंग रेंज और वाहन की कुल दक्षता बेहतर होती है। ग्लोबल लेवल पर भी BYD अगली पीढ़ी की बैटरी और फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी पर तेजी से काम कर रही है, ताकि भविष्य में EV को और तेजी से चार्ज किया जा सके और बैटरी परफॉर्मेंस बेहतर हो। कंपनी इंडिया के 40 शहरों में 48 डीलरशिप के जरिए काम कर रही है। साथ ही EV ग्राहकों और उत्साहियों को जोड़ने के लिए अपने “BYD Pioneers Club” कम्युनिटी प्लेटफॉर्म का भी विस्तार कर रही है।