नई दिल्ली: चीन की स्मार्टफोन कंपनी Realme ने अपने नए स्मार्टफोन Realme 16T की लॉन्च डेट का ऐलान कर दिया है। यह फोन इंडिया में 22 मई को लॉन्च होगा और इसकी सबसे बड़ी खासियत होगी इसकी विशाल 8000mAh बैटरी। कंपनी का दावा है कि यह Realme की नंबर सीरीज में अब तक की सबसे बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन होगा।
Realme 16T उन यूजर्स को खास तौर पर ध्यान में रखकर बनाया गया है जो बार-बार फोन चार्ज करने से परेशान रहते हैं। कंपनी के मुताबिक यह फोन एक बार फुल चार्ज होने पर करीब तीन दिन तक चल सकता है। BGMI जैसे गेम को लगातार 11 घंटे तक 60fps पर खेलने का दावा भी किया गया है। इतनी बड़ी बैटरी होने के बावजूद फोन की मोटाई सिर्फ 8.8mm रखी गई है। आमतौर पर बड़ी बैटरी वाले फोन काफी भारी और मोटे हो जाते हैं, लेकिन Realme ने यहां स्लिम डिजाइन बनाए रखने की कोशिश की है।
Realme 16T में फ्लैट फ्रेम और एल्यूमिनियम अलॉय कैमरा मॉड्यूल मिलेगा। फोन का बैक पैनल काफी क्लीन और प्रीमियम लुक वाला होगा। इसे Aurora Green, Starlight Red और Starlight Black जैसे आकर्षक रंगों में लॉन्च किया जाएगा। फोन में 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा, साथ ही bypass charging फीचर भी दिया जाएगा, जिससे गेमिंग के दौरान फोन ज्यादा गर्म नहीं होगा। Realme 16T में 6.8 इंच का फ्लैट डिस्प्ले मिलेगा और यह MediaTek के Dimensity 6300 प्रोसेसर पर काम करेगा। कुछ रिपोर्ट्स में इसे Dimensity 6360 के नाम से मार्केट करने की भी चर्चा है। फोन में Android 16 आधारित सिस्टम और 8GB तक RAM मिल सकती है।
हालांकि यह प्रोसेसर बहुत हाई-एंड गेमिंग चिप नहीं माना जा रहा, लेकिन रोजमर्रा के इस्तेमाल जैसे सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग, नेविगेशन और कैजुअल गेमिंग के लिए यह काफी सक्षम होगा। Realme ने यहां ज्यादा फोकस बैटरी लाइफ और बेहतर थर्मल मैनेजमेंट पर रखा है।
फोन तीन वेरिएंट्स में आ सकता है। 6GB+128GB, 8GB+128GB और 8GB+256GB। माना जा रहा है कि इसकी कीमत 20 हजार से 30 हजार रुपये के बीच हो सकती है। अगर कोई यूजर लंबी बैटरी लाइफ वाला स्मार्टफोन चाहता है, तो Realme 16T लॉन्च के बाद मिड-रेंज बाजार में बड़ा गेमचेंजर साबित हो सकता है।
