नई दिल्ली: Ferrari ने अपनी नई वन-ऑफ सुपरकार HC25 से पर्दा उठा दिया है, जो F8 Spider प्लेटफॉर्म पर बनी दुनिया की इकलौती कार है। 720hp की ताकत, 340Km/h की टॉप स्पीड और 2.9 सेकंड में 100Km/h की रफ्तार के साथ यह सुपरकार पावर और लग्जरी का जबरदस्त कॉम्बिनेशन पेश करती है। मैट ग्रे लुक, नई वर्टिकल DRL और फ्यूचरिस्टिक डिजाइन वाली HC25 में Ferrari की रेसिंग विरासत और आने वाले दौर की झलक साफ दिखाई देती है।
Ferrari HC25 को सिर्फ एक खास ग्राहक के लिए कस्टम तरीके से तैयार किया गया है और इसका दूसरा मॉडल किसी और को नहीं मिलेगा। यह “वन-ऑफ” सुपरकार है। दुनिया में इसकी सिर्फ एक ही यूनिट मौजूद होगी। HC25 की पहली झलक अमेरिका के टेक्सास स्थित Circuit of the Americas में आयोजित Ferrari Racing Days के दौरान दिखाई गई। यह सुपरकार F8 Spider प्लेटफॉर्म पर बनी है, जो Ferrari की आखिरी ओपन-टॉप कार थी जिसमें नॉन-हाइब्रिड ट्विन-टर्बो V8 इंजन दिया गया था। Ferrari के मुताबिक HC25 पुरानी मिड-इंजन V8 सुपरकारों और नई जनरेशन डिजाइन फिलॉसफी के बीच एक मजबूत कड़ी है।
Ferrari HC25 को साधारण F8 Spider से बिल्कुल अलग और ज्यादा मॉडर्न-फ्यूचरिस्टिक लुक दिया गया है। कार के बीच दिया गया ग्लॉसी ब्लैक डिजाइन सिर्फ खूबसूरती नहीं बढ़ाता, बल्कि रेडिएटर और कूलिंग सिस्टम को भी जोड़ता है, जिससे कार का आगे और पीछे का हिस्सा अलग पहचान बनाता है। पीछे की तरफ तीर (Arrow) जैसी डिजाइन, पतली LED लाइट्स, कार्बन फाइबर पार्ट्स और डबल एग्जॉस्ट इसे ज्यादा स्पोर्टी और आक्रामक बनाते हैं। नई वर्टिकल बूमरैंग DRL हेडलाइट्स को Ferrari ने पहली बार किसी रोड कार में इस्तेमाल किया है। कार को मैट Moonlight Grey रंग और खास अलॉय व्हील्स दिए गए हैं ।
Ferrari HC25 के अंदर लग्जरी और परफॉर्मेंस दोनों का जबरदस्त मेल देखने को मिलता है। केबिन का बेस डिजाइन F8 Spider जैसा ही रखा गया है, लेकिन ग्रे-येलो थीम से इसे ज्यादा प्रीमियम और स्पोर्टी लुक दिया गया है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें 3.9-लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन दिया गया है, जो 720hp पावर और 770Nm टॉर्क पैदा करता है। यह कार सिर्फ 2.9 सेकंड में 0 से 100Km/h, 8.2 सेकंड में 200Km/h की रफ्तार पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 340Km/h है।
