22 मई को लॉन्च होगा Realme 16T 5G, 8000mAh बैटरी से करेगा धमाका

नई दिल्ली: इंडिया में Realme अपना नया स्मार्टफोन Realme 16T 5G 22 मई को लॉन्च करने जा रही है। यह फोन Realme 16 सीरीज का चौथा मॉडल होगा और इसे कंपनी खास तौर पर उन यूजर्स के लिए ला रही है, जो बड़ी बैटरी और अच्छी परफॉर्मेंस वाला 5G फोन चाहते हैं। फोन लॉन्च होने के बाद इसे Flipkart और Realme India स्टोर से खरीदा जा सकेगा।

Realme 16T 5G की सबसे बड़ी खासियत इसकी 8000mAh Titan बैटरी होगी। कंपनी का दावा है कि यह बैटरी एक बार चार्ज करने पर करीब तीन दिन तक चल सकती है। कंपनी के मुताबिक फोन में करीब 14 घंटे से ज्यादा गेमिंग, 34 घंटे तक सोशल मीडिया इस्तेमाल और लगभग 22 घंटे नेविगेशन का बैकअप मिल सकता है। कंपनी यह भी दावा कर रही है कि बैटरी लंबे समय तक टिकेगी और करीब 7 साल तक इसकी परफॉर्मेंस बनी रह सकती है।

फोन में 45W फास्ट चार्जिंग दी जाएगी, जिससे बैटरी जल्दी चार्ज हो सकेगी। इसके साथ Bypass Charging फीचर भी मिलेगा। इसका फायदा यह होगा कि गेम खेलते समय फोन सीधे चार्जर से पावर ले सकेगा और बैटरी पर कम दबाव पड़ेगा। वहीं Reverse Charging की मदद से फोन से दूसरे डिवाइस भी चार्ज किए जा सकेंगे। Realme 16T 5G में फ्लैट बैक डिजाइन दिया गया है। पीछे की तरफ डुअल कैमरा सेटअप, LED फ्लैश और एक छोटा सेल्फी मिरर देखने को मिलेगा। फोन को Starlight Black, Starlight Red और Blue रंगों में लॉन्च किया जाएगा। इसकी मोटाई सिर्फ 8.8mm होगी।

परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर मिलने की उम्मीद है। इसके साथ कम से कम 8GB RAM दी जा सकती है। फोन Android 16 पर काम करेगा, जिससे यूजर्स को नए फीचर्स और अपडेटेड सॉफ्टवेयर अनुभव मिलने की उम्मीद है। हालांकि अभी कंपनी ने कैमरा, डिस्प्ले, स्टोरेज और कीमत की जानकारी नहीं दी है, लेकिन बड़ी बैटरी, 5G सपोर्ट और नए डिजाइन की वजह से Realme 16T 5G लॉन्च से पहले ही चर्चा में आ गया है।