नई दिल्ली: Realme ने इंडिया में अपने नए प्रीमियम TWS ईयरबड्स Realme Buds Air 8 Pro लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने इन्हें दमदार ऑडियो, लंबी बैटरी लाइफ और गेमिंग फीचर्स के साथ पेश किया है। नए ईयरबड्स में 55dB तक Adaptive Active Noise Cancellation (ANC), 50 घंटे तक की कुल बैटरी लाइफ और 45ms लो-लेटेंसी गेमिंग मोड जैसे फीचर्स दिए गए हैं। कंपनी ने Realme Buds Air 8 Pro की कीमत 6,999 रुपये रखी है।
लॉन्चिंग ऑफर के तहत ग्राहकों को 300 रुपये तक की छूट भी मिल सकती है। ये ईयरबड्स Master Black और Master White रंगों में आए हैं। इसकी पहली सेल 3 जून दोपहर 12 बजे शुरू होगी और 5 जून रात 11:59 बजे तक चलेगी। ग्राहक इन्हें Flipkart, Amazon, Myntra, Realme वेबसाइट और ऑफलाइन स्टोर्स से खरीद सकेंगे। कंपनी का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर ईयरबड्स 12 घंटे तक चल सकते हैं, जबकि चार्जिंग केस के साथ कुल बैटरी बैकअप 50 घंटे तक पहुंच जाता है। खास बात यह है कि सिर्फ 10 मिनट चार्ज करने पर 11 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक मिल सकता है।
ऑडियो अनुभव को बेहतर बनाने के लिए Realme Buds Air 8 Pro में डुअल ड्राइवर सेटअप दिया गया है। इसमें 11mm डायनेमिक बास ड्राइवर और 6mm माइक्रो-प्लानर ट्वीटर मिलता है। कंपनी का दावा है कि ये 20Hz से 40kHz तक की फ्रीक्वेंसी रेंज सपोर्ट करते हैं, जिससे लो, मिड और हाई टोन में बेहतर ऑडियो क्वालिटी मिलती है। साथ ही इसमें LHDC 5.0 Hi-Res वायरलेस ऑडियो सपोर्ट भी दिया गया है।
ईयरबड्स में कुल 6 माइक्रोफोन हैं। हर ईयरबड में तीन माइक्स मिलते हैं। यह सिस्टम कॉल के दौरान बैकग्राउंड नॉइज कम करने और आवाज को ज्यादा साफ रखने में मदद करेगा। बोन-कंडक्शन टेक्नोलॉजी आधारित Voice Processing Unit भी दिया गया है, जो AI नॉइज कैंसिलेशन और ऑडियो ऑप्टिमाइजेशन सपोर्ट करता है।
गेमर्स के लिए Realme Buds Air 8 Pro में Game Mode मिलता है, जिसमें सिर्फ 45ms की लो-लेटेंसी मिलती है। इसके अलावा Bluetooth 6.1, डुअल डिवाइस कनेक्टिविटी, Google Fast Pair, वियर डिटेक्शन और OTA अपडेट जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं। हर ईयरबड में 62mAh और चार्जिंग केस में 590mAh बैटरी दी गई है।
