नई दिल्ली: स्मार्टफोन बाजार में Motorola एक और बड़ा दांव खेलने जा रही है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि Motorola Edge 70 Pro+ इंडिया में 4 जून 2026 को लॉन्च होगा। यह फोन कंपनी की Edge 70 सीरीज का नया सदस्य होगा और इसे Flipkart, Motorola की वेबसाइट और रिटेल स्टोर्स के जरिए खरीदा जा सकेगा। लॉन्चिंग से पहले ही फोन के कुछ बड़े फीचर्स सामने आ गए हैं, जिनमें कैमरा सबसे ज्यादा चर्चा में है। कंपनी ने पुष्टि की है कि फोन में 50 मेगापिक्सल का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलेगा, जो 50x जूम सपोर्ट करेगा। इसके साथ 50MP Sony LYTIA-710 प्राइमरी सेंसर भी दिया जाएगा, जिसमें OIS (ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन) सपोर्ट मिलेगा। फोटो और वीडियो में बेहतर डिटेल और स्थिरता मिलने की उम्मीद है।
फोन को तीन प्रीमियम फिनिश विकल्पों, Satin-Luxe Finish, Sculpted Wood Finish और Twill-Inspired Finish में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी इस बार डिजाइन पर भी खास फोकस करती दिख रही है। यह फोन पहले लॉन्च हुए Edge 70 Pro का रीब्रांडेड वर्जन हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो इसमें 6.8 इंच की 1.5K pOLED डिस्प्ले मिल सकती है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स पीक ब्राइटनेस के साथ आएगी। धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देने की उम्मीद है।
फोन में IP68 और IP69 रेटिंग मिलने की भी संभावना है। यह डिवाइस धूल और पानी से बेहतर सुरक्षा दे सकता है और करीब 1.5 मीटर पानी में 30 मिनट तक टिकने की क्षमता रख सकता है। इसमें MediaTek Dimensity 8500 Extreme प्रोसेसर दिया जा सकता है। साथ ही LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज मिलने की उम्मीद है, जिससे मल्टीटास्किंग और हाई-एंड परफॉर्मेंस बेहतर हो सकती है। पीछे 50MP Sony LYTIA-710 मुख्य कैमरा, 50MP 3.5x पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और 50MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिल सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए भी 50MP फ्रंट कैमरा दिए जाने की चर्चा है।
बैटरी के मामले में भी फोन बड़ा अपग्रेड ला सकता है। इसमें 6500mAh बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 15W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करेगी।
फोन का डिजाइन Motorola के पुराने डिवाइसों जैसा रह सकता है, जिसमें बीच में कंपनी का लोगो और ऊपर बाईं तरफ स्क्वायर कैमरा मॉड्यूल मिलेगा। इतनी बड़ी बैटरी और फीचर्स के बावजूद फोन का वजन करीब 190 ग्राम बताया जा रहा है। Motorola Edge 70 Pro+ कैमरा, डिस्प्ले, बैटरी और प्रीमियम डिजाइन के दम पर मिड-रेंज सेगमेंट में बड़ी चुनौती पेश कर सकता है।
