नई दिल्ली : फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ FIFA World Cup 2026 से पहले Motorola ने खेल प्रेमियों और टेक्नोलॉजी के शौकीनों के लिए एक खास तोहफा पेश किया है। FIFA World Cup 2026 के आधिकारिक स्मार्टफोन पार्टनर बनने के बाद कंपनी ने Motorola Razr FIFA World Cup 26 Edition को पेश किया है। यह फुटबॉल की भावना और प्रीमियम डिजाइन का शानदार संगम है।
यह स्पेशल एडिशन फोन मूल रूप से Razr 60 पर आधारित है, लेकिन इसमें FIFA World Cup 2026 से प्रेरित खास डिजाइन, कस्टम सॉफ्टवेयर, एक्सक्लूसिव वॉलपेपर, बूट एनिमेशन और आधिकारिक टूर्नामेंट जिंगल जैसी कई अनूठी खूबियां जोड़ी गई हैं। Motorola ने इस स्पेशल एडिशन स्मार्टफोन के डिजाइन और रंगों को फुटबॉल के मैदान (पिच) से प्रेरित होकर तैयार किया है।
फुटबॉल का मैदान आमतौर पर हरे रंग की घास से ढका होता है। इसी पहचान को ध्यान में रखते हुए Motorola ने Razr FIFA World Cup 26 Edition में PANTONE Spring Bud नाम के हरे रंग का इस्तेमाल किया है। फोन के बैक पैनल पर अलग-अलग शेड्स के हरे रंग से ऐसा ग्राफिक बनाया गया है, जो देखने में फुटबॉल मैदान और FIFA World Cup 2026 के लोगो की याद दिलाता है। हालांकि यह डिवाइस हार्डवेयर के मामले में 2025 में लॉन्च हुए Razr 60 पर आधारित है, लेकिन इसकी डिजाइन और सॉफ्टवेयर कस्टमाइजेशन इसे पूरी तरह अलग पहचान देते हैं। Motorola और FIFA World Cup 2026 की ब्रांडिंग गोल्डन फिनिश में दी गई है, जो इसे और भी प्रीमियम बनाती है।
सिर्फ बाहरी डिजाइन ही नहीं, Motorola ने सॉफ्टवेयर में भी फुटबॉल का पूरा रंग भर दिया है। फोन को ऑन करते ही यूजर्स को फुटबॉल थीम वाला विशेष बूट एनिमेशन दिखाई देता है, जिसमें हरे रंग की स्टेडियम सीटों की पृष्ठभूमि और Motorola का कस्टम लोगो नजर आता है। इसके अलावा होम स्क्रीन के लिए FIFA World Cup 2026 से प्रेरित एक्सक्लूसिव वॉलपेपर दिए गए हैं। कंपनी ने इस स्पेशल एडिशन स्मार्टफोन में आधिकारिक टूर्नामेंट जिंगल को डिफॉल्ट रिंगटोन के रूप में शामिल किया है। यूजर्स कैमरे से खींची गई तस्वीरों पर FIFA World Cup 2026 का विशेष वॉटरमार्क भी जोड़ सकते हैं। Motorola ने इस डिवाइस को सिर्फ एक स्मार्टफोन नहीं बल्कि फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक यादगार कलेक्टर्स आइटम बनाने की कोशिश की है।
