नई दिल्ली : Toyota Kirloskar Motor ने अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक एसयूवी Toyota Urban Cruiser Ebella को इंडिया में लॉन्च कर दिया है। 23.60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत वाली यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर 543 किलोमीटर तक की रेंज देने का दावा करती है। आधुनिक फीचर्स, लेवल-2 ADAS, पैनोरमिक सनरूफ और दमदार बैटरी पैक से लैस यह एसयूवी सीधे तौर पर Hyundai Creta Electric, MG ZS EV और Tata Curvv EV को चुनौती देगी।
Urban Cruiser Ebella को Maruti Suzuki e-Vitara के प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है, लेकिन इसके डिजाइन में टोयोटा की अलग पहचान साफ नजर आती है। एसयूवी का फ्रंट प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकने वाले टोयोटा मॉडलों से प्रेरित है। इसमें मस्कुलर बोनट, आकर्षक एलईडी लाइटिंग, शार्प बॉडी लाइन्स और एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो इसे प्रीमियम लुक प्रदान करते हैं।
इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का व्हीलबेस 2700 मिमी है। इसकी लंबाई 4,285 मिमी, चौड़ाई करीब 1,800 मिमी और ऊंचाई लगभग 1,640 मिमी है। कंपनी ने इसे Cafe White, Bluish Black, Gaming Grey, Sportin Red और Enticing Silver जैसे आकर्षक रंगों में पेश किया है। इसके अलावा ब्लैक रूफ के साथ कई ड्यूल-टोन विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं।
इंटीरियर में Urban Cruiser Ebella को प्रीमियम ब्लैक और ब्राउन ड्यूल-टोन थीम दी गई है। केबिन का डिजाइन आधुनिक और तकनीक से भरपूर है। इसमें 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, वायरलेस फोन चार्जर, JBL प्रीमियम साउंड सिस्टम, एम्बिएंट लाइटिंग, डायल-टाइप गियर शिफ्ट, एयर प्यूरीफायर और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
सुरक्षा के मोर्चे पर भी कंपनी ने कोई समझौता नहीं किया है। नई इलेक्ट्रिक एसयूवी में 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा और एडवांस्ड लेवल-2 ADAS तकनीक दी गई है, जो ड्राइविंग को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाती है। Urban Cruiser Ebella के टॉप-स्पेक E3 वेरिएंट में 61 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। यह मोटर 171 हॉर्सपावर की ताकत और 193 Nm का पीक टॉर्क पैदा करती है। आधुनिक तकनीक, लंबी रेंज, प्रीमियम फीचर्स और टोयोटा की विश्वसनीयता के साथ Urban Cruiser Ebella भारतीय इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में कंपनी की मजबूत शुरुआत मानी जा रही है।
