चीन से मुकाबले की तैयारी! Ola Electric बना रही स्वदेशी बैटरी तकनीक
स्कूटर से लेकर ड्रोन तक, Ola Electric की बैटरी टेक्नोलॉजी का बड़ा मिशन
NMC से LFP और Sodium-ion तक, Ola Electric की बैटरी तकनीक पर नजर
भारत में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) बैटरी निर्माण को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में Ola Electric बड़ी तैयारी कर रही है। कंपनी तमिलनाडु के कृष्णागिरी स्थित Gigafactory में अपनी 4680 Bharat Cell बैटरी का निर्माण कर रही है। यहां सालाना 6 GWh की स्थापित उत्पादन क्षमता है। कंपनी का लक्ष्य बैटरी निर्माण, नई तकनीक और घरेलू सप्लाई चेन को मजबूत करना है, ताकि चीन पर निर्भरता धीरे-धीरे कम की जा सके।
Ola Electric की फैक्ट्री में बैटरी सेल बनाने की प्रक्रिया एक्टिव मटेरियल पाउडर से शुरू होती है। कंपनी अपनी ड्राई प्रोसेस तकनीक से इन पाउडर को इलेक्ट्रोड फिल्म में बदलती है। इसके बाद फिल्मों को मेटल फॉयल पर चढ़ाया जाता है और स्ट्रिप्स में काटा जाता है।
फिर इलेक्ट्रोड को सेपरेटर के साथ रोल किया जाता है। इस असेंबली को मेटल कैन में डालकर वेल्डिंग, इलेक्ट्रोलाइट भरने और सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की जाती है। तैयार सेल को नियंत्रित तरीके से पहली बार चार्ज किया जाता है। इसके बाद टेस्टिंग और ग्रेडिंग होती है। अंत में इन सेल का इस्तेमाल बैटरी पैक बनाने में किया जाता है।
बैटरी निर्माण में भारत अभी कई अहम कच्चे माल के लिए दूसरे देशों पर निर्भर है। Ola Electric भी कैथोड और एनोड एक्टिव मटेरियल तथा कुछ सटीक मशीनों का आयात करती है। कंपनी इलेक्ट्रोलाइट और कुछ मैकेनिकल कंपोनेंट्स का स्थानीयकरण कर चुकी है। उसका लक्ष्य निकट भविष्य में 60% से अधिक लोकलाइजेशन हासिल करना है।
कंपनी चीन के अलावा जापान और दक्षिण कोरिया से भी इलेक्ट्रोड मटेरियल प्राप्त करती है। साथ ही भारतीय कंपनियों से LFP कैथोड मटेरियल की गुणवत्ता और उपयोग को लेकर परीक्षण कर रही है।
Ola Electric की 4680 Bharat Cell में NMC यानी निकेल, मैंगनीज और कोबाल्ट आधारित केमिस्ट्री का इस्तेमाल होता है। कंपनी किफायती इलेक्ट्रिक वाहनों और ऊर्जा भंडारण के लिए LFP बैटरी पर भी काम कर रही है। उसकी 46100 LFP सेल को BIS प्रमाणन मिल चुका है और वाहनों में इस्तेमाल की तैयारी मार्च-अप्रैल 2027 तक लक्षित है। इसके अलावा LMFP, Sodium-ion और Solid-state बैटरी तकनीक पर भी रिसर्च जारी है। हालांकि Sodium-ion और Solid-state अभी प्रयोगशाला स्तर पर हैं।
कंपनी के मौजूदा प्लांट में अतिरिक्त मशीनें लगाकर 20 GWh क्षमता तक पहुंचने की गुंजाइश है। इसके अलावा 100 GWh से अधिक क्षमता के विस्तार के लिए जमीन भी सुरक्षित की गई है।
बैटरी निर्माण में गुणवत्ता, उत्पादन यील्ड, सुरक्षा और रिसाइक्लिंग बड़ी चुनौतियां हैं। Ola Electric का मानना है कि भारत को बैटरी ग्रेड मटेरियल, रिफाइनिंग, कुशल इंजीनियरों और घरेलू सेल उत्पादन पर ज्यादा निवेश करना होगा। तभी देश बैटरी क्षेत्र में वास्तविक आत्मनिर्भरता हासिल कर सकेगा।
