OnePlus का बड़ा दांव : इंडिया के युवाओं के लिए लॉन्च होगी नई N Series

OnePlus का बड़ा दांव : इंडिया के युवाओं के लिए लॉन्च होगी नई N Series

बेंगलुरु : स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए OnePlus ने इंडिया में अपनी नई N Series लॉन्च करने की घोषणा की है। खास तौर पर Gen Z और युवा उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई यह सीरीज ₹18,000 से ₹25,000 के प्राइस सेगमेंट को टारगेट करेगी। इस सीरीज का पहला स्मार्टफोन OnePlus N6 30 जून को लॉन्च होगा।

अब हर बजट में मिलेगा OnePlus

नई N Series के साथ OnePlus ने भारत में अपनी स्मार्टफोन रणनीति को तीन हिस्सों में बांट दिया है। कंपनी अब Flagship, Nord और N Series के जरिए ₹18,000 से लेकर ₹70,000 से अधिक के हर बजट के ग्राहकों को टारगेट करेगी।

युवाओं की बदलती जरूरतों पर फोकस

कंपनी का कहना है कि आज के युवा स्मार्टफोन को सिर्फ कॉलिंग डिवाइस नहीं बल्कि मनोरंजन, गेमिंग, पढ़ाई, कंटेंट क्रिएशन और सोशल कनेक्टिविटी के लिए इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में उन्हें दमदार बैटरी, स्मूथ परफॉर्मेंस और आकर्षक डिजाइन वाला फोन चाहिए। OnePlus इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट फोर्ड ने कहा कि ₹18,000-25,000 का सेगमेंट भारतीय स्मार्टफोन बाजार का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है और इसी श्रेणी में ग्राहकों की अपेक्षाएं सबसे तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि N Series में ‘N’ का मतलब New, Neo और Never Off है, जो नई पीढ़ी के लिए बिना समझौते वाली तकनीक का प्रतीक है।

इंडिया में 37 करोड़ से ज्यादा Gen Z यूजर्स

कंपनी के मुताबिक भारत में 37.7 करोड़ से ज्यादा Gen Z उपभोक्ता हैं और देश में होने वाली कुल स्मार्टफोन खरीद में उनकी हिस्सेदारी 44 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। इसी बड़े ग्राहक वर्ग को ध्यान में रखकर N Series विकसित की गई है।

OnePlus की इंडिया रणनीति को मिला नया विस्तार

इस साल कंपनी ने अपनी सर्विस पहुंच भी बढ़ाई है। OnePlus ने OPPO नेटवर्क का लाभ उठाते हुए देश में अपने सर्विस सेंटरों की संख्या 400 से बढ़ाकर 500 कर दी है। कंपनी का कहना है कि उसका फोकस सिर्फ उत्पाद बेचने पर नहीं बल्कि बेहतर आफ्टर-सेल्स अनुभव देने पर भी है।

तीन कैटेगरी में बंटी OnePlus की नई रणनीति

  • N Series (₹18,000-25,000) : पहली बार बड़े ग्राहक वर्ग के लिए OnePlus अनुभव।
  • Nord Series (₹25,000-50,000) : प्रीमियम फीचर्स चाहने वाले ग्राहकों के लिए।
  • Flagship Series (₹50,000 से ऊपर) : कंपनी के सबसे एडवांस और प्रीमियम स्मार्टफोन।

कंपनी ने कहा है कि N Series से जुड़े और फीचर्स तथा अन्य मॉडल्स की जानकारी आने वाले हफ्तों में साझा की जाएगी।