कारों की ‘सुपरफास्ट’ रफ्तार : मई में 3.8 लाख से ज्यादा कारें बिकीं, SUV ने मचाया धमाल

कारों की ‘सुपरफास्ट’ रफ्तार : मई में 3.8 लाख से ज्यादा कारें बिकीं, SUV ने मचाया धमाल

नई दिल्ली। इंडिया का ऑटोमोबाइल मार्केट इस समय फुल स्पीड मोड में है। मई 2026 में कारों और एसयूवी की बिक्री ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है कि पूरे ऑटो सेक्टर में जश्न का माहौल है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के मुताबिक मई में घरेलू बाजार में कुल 3,79,764 यात्री वाहन बिके, जो पिछले साल के मुकाबले 25.3 प्रतिशत ज्यादा हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा SUV सेगमेंट की रही, जिसने बाजार को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। मई में 2,45,549 यूटिलिटी व्हीकल (SUV) बिके, जो पिछले साल की तुलना में 24.8 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं, पैसेंजर कारों की बिक्री 28.8 प्रतिशत उछलकर 1,20,975 इकाई पर पहुंच गई। ऑटो इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि बेहतर फाइनेंसिंग विकल्प, बढ़ती आय और ग्राहकों की एसयूवी के प्रति बढ़ती पसंद ने इस बूम को हवा दी है। शहरी ही नहीं, छोटे शहरों और कस्बों में भी नई कार खरीदने का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है।

कारों की इस रफ्तार का असर पूरे ऑटो सेक्टर पर दिखाई दिया। मई में कुल वाहन बिक्री 23.52 लाख इकाई के पार पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 16.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी 19.02 लाख इकाई तक पहुंच गई, जबकि तिपहिया वाहनों की बिक्री में 31 प्रतिशत से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया। ऑटो बाजार के लिए यह संकेत है कि भारतीय उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत बना हुआ है और आने वाले त्योहारों के सीजन में बिक्री के नए रिकॉर्ड बन सकते हैं। फिलहाल, मई 2026 को भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए ‘रिकॉर्ड ब्रेकर’ महीना कहा जा सकता है।

दोपहिया बाजार भी फुल स्पीड में

कारों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों की मांग भी मजबूत बनी रही। मई में कुल 19,02,209 दोपहिया वाहन बिके, जो पिछले साल की तुलना में 14.8 प्रतिशत अधिक हैं। स्कूटर सेगमेंट ने सबसे तेज रफ्तार दिखाई और इसकी बिक्री 27.4 प्रतिशत बढ़कर 7,39,667 इकाई हो गई। वहीं मोटरसाइकिलों की बिक्री 11,13,973 इकाई रही, जिसमें 7.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मोपेड सेगमेंट ने भी 30.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 48,569 इकाइयों की बिक्री दर्ज की।

तिपहिया वाहनों की भी शानदार वापसी

तिपहिया वाहन बाजार में भी जोरदार उछाल देखने को मिला। मई में कुल 70,720 तिपहिया वाहन बिके, जो एक साल पहले के मुकाबले 31.1 प्रतिशत ज्यादा हैं। पैसेंजर कैरियर श्रेणी की बिक्री 30 प्रतिशत बढ़कर 57,649 इकाई रही, जबकि माल ढुलाई वाले गुड्स कैरियर सेगमेंट में 35.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 11,802 वाहन बिके। ई-कार्ट सेगमेंट में 81.8 प्रतिशत की सबसे तेज वृद्धि दर्ज की गई।

कुल ऑटो बाजार ने बनाई नई ऊंचाई

कार, एसयूवी, दोपहिया और तिपहिया वाहनों की मजबूत मांग का असर पूरे उद्योग पर दिखाई दिया। मई 2026 में घरेलू बाजार में कुल 23,52,693 वाहन बिके, जो पिछले साल की तुलना में 16.8 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं कुल वाहन उत्पादन 29.27 लाख इकाई तक पहुंच गया और निर्यात में भी 30.5 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। ऑटो उद्योग के जानकारों का मानना है कि बेहतर वित्तीय सुविधाएं, बढ़ती उपभोक्ता मांग और एसयूवी की लोकप्रियता आने वाले महीनों में भी बाजार को गति देती रहेगी। यदि यह ट्रेंड जारी रहा तो त्योहारी सीजन में ऑटो सेक्टर नए रिकॉर्ड बना सकता है।

SIAM के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, “मई 2026 ऑटो उद्योग के लिए बेहद शानदार रहा। यात्री वाहन, तिपहिया और दोपहिया वाहनों की बिक्री ने मई महीने के अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने बताया कि यात्री वाहनों की बिक्री 27.3 प्रतिशत बढ़कर 4.39 लाख इकाई पर पहुंच गई, जबकि तिपहिया वाहनों की बिक्री 31.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 71 हजार इकाई रही। वहीं दोपहिया वाहनों की बिक्री 14.8 प्रतिशत बढ़कर 19.02 लाख इकाई दर्ज की गई। मेनन के अनुसार, पिछले वर्ष मई में बिक्री का आधार अपेक्षाकृत कम था, जिसका असर इस साल की वृद्धि दर में दिखाई दे रहा है। इसके अलावा जीएसटी दरों में कमी, आसान वित्तीय सुविधाओं और बढ़ी हुई मांग के कारण बाजार में खरीदारी का माहौल मजबूत बना हुआ है, जिसका सीधा असर वाहनों की बिक्री पर देखने को मिल रहा है।”