ऑटो डीलरों का बढ़ा भरोसा, Satisfaction Index 29 अंक उछलकर 810 पहुंचा

ऑटो डीलरों का बढ़ा भरोसा, Satisfaction Index 29 अंक उछलकर 810 पहुंचा

JSW MG, Royal Enfield और Tata Motors का जलवा, डीलरों ने इन्हें माना सबसे बेहतर

नई दिल्ली, 3 सितंबर। भारतीय ऑटोमोबाइल डीलरों का अपनी कंपनियों के प्रति संतोष इस साल बेहतर हुआ है। Federation of Automobile Dealers Associations (FADA) की Dealer Satisfaction Study (DSS) 2026 के मुताबिक, Overall Dealer Satisfaction Index (DSI) 2025 के मुकाबले 29 अंक बढ़कर 810 हो गया है। डीलरों के सामने मुनाफे, इन्वेंट्री, बायबैक पॉलिसी और कंपनियों की नीतियों में स्पष्टता जैसी चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं।
FADA ने यह अध्ययन जुलाई-अगस्त 2026 के दौरान किया। रिपोर्ट के मुताबिक इस बार रिकॉर्ड संख्या में डीलरों ने हिस्सा लिया। इससे पता चलता है कि डीलर वाहन कंपनियों के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर अपनी राय रखने में रुचि दिखा रहे हैं। अध्ययन में प्रोडक्ट क्वॉलिटी, भरोसेमंद प्रदर्शन और मॉडल रेंज को डीलरों की संतुष्टि के मजबूत पक्ष के तौर पर सामने रखा गया है। वहीं After-Sales, Sales & Order Planning और Business Viability & Policy तीन ऐसे प्रमुख क्षेत्र हैं, जिनका डीलरों की संतुष्टि पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। इन तीनों क्षेत्रों का कुल मिलाकर डीलरों की प्राथमिकताओं में करीब दो-तिहाई हिस्सा है।
सेगमेंट के स्तर पर 4W Mass कैटेगरी में JSW MG, 2W सेगमेंट में Royal Enfield और Commercial Vehicle (CV) सेगमेंट में Tata Motors ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। FADA President Sai Giridhar ने कहा कि रिपोर्ट डीलर-OEM रिश्तों में हो रहे बदलाव को दर्शाती है। उनके मुताबिक, डीलर अब सतत मार्जिन, बेहतर इन्वेंट्री और बायबैक व्यवस्था, ट्रेनिंग लागत में हिस्सेदारी और नीतियों में स्पष्टता चाहते हैं। साथ ही वे निर्णय लेने की प्रक्रिया में अधिक भागीदारी और कंपनियों के साथ नियमित संवाद की भी मांग कर रहे हैं।